इलेक्शन

नीतीश को मोदी CM नहीं बनाएंगे, लिखकर रख लो- बिहार रैली में बोले खरगे, NDA पर जमकर किया प्रहार

बिहार के वैशाली जिले में जनसभा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि नीतीश ने सत्ता के लोभ में समाजवाद, कर्पूरी ठाकुर और लोहिया की विचारधारा को त्याग दिया है और अब पूरी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “गोद में बैठे” हैं।

Image

बिहार में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली (फोटो- Congress)

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने “कुर्सी के लालच” में समाजवादी मूल्यों, कर्पूरी ठाकुर और राममनोहर लोहिया के विचारों को भुला दिया है। खरगे ने दावा किया कि नीतीश कुमार अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “गोद में बैठे हैं”, लेकिन मोदी उन्हें आगे मुख्यमंत्री नहीं रहने देंगे।

'नीतीश को सीएम नहीं बनाएंगे मोदी'

बिहार के वैशाली जिले के राजा पाकर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा, “अब ये (नीतीश) मोदी की गोद में बैठे हैं। यह लिखकर रख लो, वह (प्रधानमंत्री) नीतीश को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे। वह अपने किसी चेले को बना देंगे और कहेंगे—‘नीतीश जी, आपकी तबियत ठीक नहीं है, आप घर बैठकर आराम कीजिए, हम आपकी औषधि का इंतजाम करते हैं।’”

नीतीश पर साधा निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने सत्ता के मोह में समाजवादी विचारधारा से समझौता किया है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार कुर्सी को पकड़कर बैठे हैं, वह उसे छोड़ना नहीं चाहते। यदि उनके दिल में दलितों, पिछड़ों और अति पिछड़ों के लिए जगह होती तो वह कभी उस भाजपा के साथ नहीं जाते जो मनुस्मृति में विश्वास रखती है।”

पीएम मोदी पर बोला हमला

खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि बिहार में उनकी रैलियों का सिलसिला ऐसे चल रहा है “जैसे उनके बच्चे की शादी हो।” उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नगर निकाय से लेकर विधानसभा चुनाव तक हर जगह प्रचार करते फिरते हैं। रोज़गार के मुद्दे पर बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “केंद्र में 50 लाख सरकारी पद खाली हैं, लेकिन बिहार सरकार एक करोड़ नौकरी देने का वादा कर रही है। यह जनता को गुमराह करने वाला दावा है।”

कांग्रेस के लिए मांगा वोट

खरगे ने बिहार से हो रहे पलायन का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में रोजगार के अवसरों की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोग राज्य छोड़ने को मजबूर हुए हैं। सभा के अंत में खरगे ने जनता से अपील की कि वे “नीतीश-मोदी गठजोड़” को सबक सिखाएं और उन ताकतों का समर्थन करें जो “समाजवाद, समानता और संवैधानिक मूल्यों” में विश्वास रखती हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article