इलेक्शन

कांग्रेस ने एग्जिट पोल को बताया मोदी का झूठ, '295 से अधिक सीटें जीतेगा INDIA'

Exit Poll 2024: कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने दावा किया है कि "ये नरेंद्र मोदी के एग्जिट पोल हैं। जनता के एग्जिट पोल में INDIA को 295 सीटें दी गई हैं और यह संख्या बढ़ती ही जाएगी।" उन्होंने एक्स पर लिखा 'जनता का एग्जिट पोल सच होगा। मोदी का सरकारी एग्जिट पोल झूठ है।'

Image

EXIT Polls पर क्या है कांग्रेस की राय?

Photo : Times Now Digital

Congress on Exit Polls: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान का सिलसिला समाप्त हो गया और अब एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं। चुनावी परिणाम के अनुमान को कांग्रेस ने स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया है। एग्जिट पोल में भाजपा की जीत के आसार नजर आ रहे हैं। जिसे देखते हुए कई कांग्रेसी नेताओं ने इसे नरेंद्र मोदी का एग्जिट पोल बताया है।

'ये नरेंद्र मोदी के एग्जिट पोल हैं'

एग्जिट पोल पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत कहती हैं कि "ये नरेंद्र मोदी के एग्जिट पोल हैं। जनता के एग्जिट पोल में INDIA को 295 सीटें दी गई हैं और यह संख्या बढ़ती ही जाएगी।" कांग्रेस ने दावा किया है कि विपक्षी दलों के गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) को बहुमत हासिल होगी।

'सच होगा जनता का एग्जिट पोल'

कांग्रेस नेता और पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ये दावा किया है कि विपक्षी दलों के गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने लिखा, 'जनता का एग्जिट पोल सच होगा। मोदी का सरकारी एग्जिट पोल झूठ है।'

295 से अधिक सीट जीतने का दावा

देशभर में लोकसभा की 543 सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया शनिवार शाम समाप्त हो गई। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया गठबंधन के सहयोगियों की मौजूदगी में दावा किया कि उनके गठबंधन को लोकसभा चुनाव में 295 से अधिक सीटें मिलने जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन से जुड़े विभिन्न दल एग्जिट पोल पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेंगे। इससे पहले कांग्रेस ने एग्जिट पोल पर होने वाली चर्चा में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था।

ढाई घंटे चली इंडिया गठबंधन की बैठक

शनिवार को खड़गे के आवास पर करीब ढाई घंटे तक इंडिया गठबंधन की बैठक चली। खड़गे ने कहा कि बीजेपी एग्जिट पोल पर चर्चा करेगी। वे जो नैरेटिव देने की कोशिश कर रहे हैं, हम उसे लेकर सच्चाई लोगों को बताना चाहते हैं। इसके साथ ही गठबंधन के कार्यकर्ताओं को चुनाव और मतदान से जुड़े मुद्दों पर सतर्कता रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि यह जनता का सर्वे है। हमने अपने सभी सहयोगी दलों से पूछने के बाद यह जानकारी साझा की है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि इंडिया गठबंधन की एकता बरकरार रहेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज कई प्रकार के एग्जिट पोल आएंगे। लेकिन, जनता को सच्चाई बताना हमारा काम है। जनता का सर्वे हमारे पास है, सरकारी सर्वे उनके पास है। इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि मतगणना के दिन गिनती पूरी होने तक मतगणना केंद्र नहीं छोड़ना है।

इलेक्शन कमीशन के पास रखेंगे अपनी बात

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे इलेक्शन कमीशन के पास भी जाएंगे और अपनी बात रखेंगे। इलेक्शन कमीशन से 2 जून का समय मांगा गया है। इस दौरान कमिश्नर से प्रार्थना की जाएगी, सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। बैठक में इंडिया गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों ने चुनाव उपरांत की संयुक्त रणनीति पर चर्चा की। कांग्रेस ने कहा है कि बैठक में गठबंधन के सभी वरिष्ठ नेता शामिल रहे। इस बैठक में यह भी चर्चा की गई कि मतगणना के दौरान क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।

इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, शरद पवार, रामगोपाल यादव, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, चंपई सोरेन, अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, डी. राजा, सीताराम येचुरी, कल्पना सोरेन और गठबंधन के कई सहयोगी शामिल रहे।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article