इलेक्शन

केजरीवाल के 'शीशमहल' पर 45 नहीं 171 करोड़ रुपया खर्च हुआ है- कांग्रेस का बड़ा खुलासा, माकन ने गिना दिया खर्चा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 7, 2023, 04:17 PM IST

टाइम्स नाउ नवभारत ने अपने ऑपरेशन शीशमहल में खुलासा किया था कि कैसे दिल्ली के सीएम आवास को चमकाने के लिए 45 करोड़ रुपये खर्च किए गए। सीएम केजरीवाल के आधिकारिक निवास पर पैसा पानी की तरह बहाया गया। वियतनाम से मार्बल मंगवाया गया और लाखों के पर्दे लगवाए गए।

टाइम्स नाउ नवभारत के ऑपरेशन शीशमहल (Operation Sheeshmahal) में हुए खुलासे के बाद से दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी विपक्ष के निशाने पर है। अब कांग्रेस ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर, बड़ा दावा कर दिया है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि केजरीवाल के 'शीशमहल' पर 45 करोड़ नहीं बल्कि 171 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

दिया शीला दीक्षित का उदाहरण

अजय माकन ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग सिर्फ दिखावा करने के लिए आम आदमी हैं, आम आदमी दिखने के लिए जेब में एक रुपये वाला पेन लगाकर घूमते हैं। जो हलफनामा देते थे कि वो पूरी जिंदगी आम आदमी की तरह रहेगी, उन्होंने अपने मकान बनाकर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। दिल्ली में अगर सादगी की कोई मिसाल है तो वो पूर्व सीएम शीला दीक्षित थीं। अरविंद केजरीवाल ने अपने महल को बनाने में, सजाने में जितना पैसा खर्च कर दिया उतना तो शीला दीक्षित की पूरी कैबिनेट 15 सालों में खर्च नहीं कर पाई।

कांग्रेस का दावा

आगे अजय माकन ने दावा किया कि केजरीवाल के आधिकारिक आवास को बनाने में 45 करोड़ नहीं बल्कि 171 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा- ये मात्र 45 करोड़ का खर्चा नहीं है, केजरीवाल जी के महल पर मात्र 45 करोड़ खर्च नहीं हुए हैं। केजरीवाल जी के महल पर 171 करोड़ रुपया खर्च हुआ है। 171 करोड़ रुपया, जनता का पैसा, कोविड के समय में, ऐसे समय में जब दिल्ली के अंदर लोग ऑक्सीजन को तरस रहे थे, बेड्स को तरस रहे थे, 171 करोड़ रुपया केजरीवाल जी के महल पर हुआ है।"

दिया 171 करोड़ का हिसाब

अजय माकन ने आगे ये भी बताया कि वो 171 करोड़ का दावा कैसे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का जो निवास है, उसके बगल में चार और आवास हैं। इन सभी में 22 ऑफिसर्स के फ्लैट हैं, 22 में से 15 या तो खाली करवा दिए गए हैं या तुड़वा दिए गए हैं और 7 के बारे में ये कहा गया है कि ये अब दोबारा अलॉट नहीं होंगे। इसके बाद जब ऑफिसर्स के लिए फ्लैट की कमी पड़ी तो केजरीवाल सरकार ने कॉमन वेल्थ गेम्स विलेज में 21 फ्लैट खरीदे हैं, जिसमें एक फ्लैट की कीमत 6 करोड़ रुपये है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article