LIVE

UP Election 2022: सहारनपुर जिले में चुनावी घमासान तेज, एआईएमआईएम ने उमैर मदनी को उतारा

यूपी की सियासत में 2022 में क्या कुछ बदलाव होगा उसका फैसला 10 मार्च को हो जाएगा। उससे पहले राजनीतिक दल अपनी झोली से उम्मीदवारों के नामों को निकाल कर जनता के सामने पेश कर रहे हैं। अगर बात बीजेपी की करें तो उसके उम्मीदवारों पर लोगों की नजर ज्यादा थी क्योंकि इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि ज्यादातर मौजूदा विधायकों के टिकटों में कटौती की जा सकती है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Jan 27, 2022, 06:13 IST
Follow on Google News
UP Election 2022: सहारनपुर जिले में चुनावी घमासान तेज, एआईएमआईएम ने उमैर मदनी को उतारा

यूपी चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों की तरफ से पहले, दूसरे और तीसरे चरण के साथ साथ चौथे चरण के लिए कुछ नामों का ऐलान किया गया है। बीजेपी शेष चरणों के लिए मंथन कर रही है। बताया जा रहा है कि 25 जनवरी को शीर्ष नेतृत्व फैसला कर सकता है और उसके बाद नामों का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।

JAN 25, 2022 14:14 IST

एआईएमआईएम ने उमैर मदनी को मैदान में उतारा, मुस्लिम वोटों के लिए लड़ाई तेज

असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने सहारनपुर जिले की देवबंद विधानसभा सीट से मौलाना उमैर मदनी को मैदान में उतारा है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम वोटों की लड़ाई अब और तेज हो गई है।मौलाना उमैर मदनी देवबंद के एक प्रमुख मदनी परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता मौलाना मसूद मदनी उत्तराखंड सरकार में पूर्व मंत्री थे, उनके चाचा मौलाना महमूद मदनी जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष हैं और उनके दादा अरशद मदनी इस्लामिक मदरसा दारुल उलूम देवबंद के प्रिंसिपल हैं।परिवार का क्षेत्र में मुसलमानों पर काफी प्रभाव है।

एक स्थानीय पत्रकार तौफीक कुरैशी ने कहा, "विधानसभा चुनावों में मदनी परिवार के सदस्य के प्रवेश ने पश्चिमी यूपी क्षेत्र में प्रतियोगिता को दिलचस्प बना दिया है क्योंकि उनका स्थानीय लोगों पर प्रभाव है।"सहारनपुर और आसपास के जिलों में उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने में मुस्लिम वोट निर्णायक है। मुस्लिम बहुल रोहिलखंड क्षेत्र में अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सपा, बसपा और एआईएमआईएम मुस्लिम वोटों के लिए होड़ कर रहे हैं।एआईएमआईएम ने संभल से मुशीर तरीन, असमोली विधानसभा सीट से शकील अशरफी, नगीना सीट से ललिता कुमार, बरहापुर सीट से मोहिउद्दीन, बिलारी सीट से खालिद जामा, नानपारा सीट से मौलाना लाइक और कुर्सी विधानसभा सीट से हाजी कुमैल अशरफ खान को मैदान में उतारा है।

दिलचस्प बात यह है कि बहुजन समाज पार्टी भी मुस्लिम वोटों के लिए बोली लगा रही है। पार्टी ने पहले चरण में मतदान के लिए जाने वाले निर्वाचन क्षेत्रों में 16 और दूसरे चरण में 23 मुसलमानों को मैदान में उतारा है। दोनों चरण पश्चिमी यूपी में हैं।पिछले हफ्ते, असदुद्दीन ओवैसी ने 2022 के यूपी विधानसभा चुनावों के लिए मुसलमानों, अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) और दलितों के समर्थन वाले दलों को शामिल करते हुए एक नया मोर्चा, भागीदारी परिवर्तन मोर्चा शुरू करने की घोषणा की थी।मोर्चे में बाबू सिंह कुशवाहा के नेतृत्व वाली जन अधिकार पार्टी, वामन मेश्राम के नेतृत्व में भारत मुक्ति मोर्चा, अनिल सिंह चौहान के नेतृत्व वाली जनता क्रांति पार्टी और राम प्रसाद कश्यप के नेतृत्व वाली भारतीय वंचित समाज पार्टी शामिल हैं।

JAN 25, 2022 12:45 IST

आरपीएन सिंह ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा

पूर्वी यूपी से आने वाले कांग्रेस के कद्दावर चेहरे आरपीएन सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि जब हम गणतंजत्र दिवस को मना रहे हैं तो वो अपने राजनीतिक यात्रा की अलग तरह से शुरुआत करने जा रहे हैं।
JAN 25, 2022 12:08 IST

बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक

यूपी में शेष चरणों के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा के लिए बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, और दूसरे दिग्गज नेता शामिल हो रहे हैं।

JAN 25, 2022 12:05 IST

आगरा कैंट सीट से ट्रांसजेंडर राधिका बाई लड़ेंगी चुनाव

उत्तर प्रदेश में 26 वर्षीय ट्रांसजेंडर राधिका बाई रिजर्व आगरा कैंट निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ेगी।सोमवार को उनकी उम्मीदवारी को मंजूरी दी गई।राधिका का असली नाम आकाश सोनी है। यह आगरा जिले में विधानसभा चुनाव लड़ने वाली पहली ट्रांसजेंडर होंगी।उन्होंने अपने समुदाय के सदस्यों के समर्थन से डोर-टू-डोर अभियान शुरू किया है।राधिका ने कहा कि उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा करने के लिए चुनाव मैदान में प्रवेश किया।
 

राधिका ने कहा मुझे यह साबित करना होगा कि ट्रांसजेंडर राजनीति में सफल हो सकते हैं और लोगों के मुद्दों को सफलतापूर्वक संबोधित कर सकते हैं। मैं आम आदमी के लिए सरकारी स्कूलों के नेटवर्क को मजबूत करके शिक्षा को सस्ती बनाने के लिए काम करूंगी। मेरा जन्म और पालन-पोषण यहीं हुआ, इसलिए मैं लोगों से मुझे एक मौका देने का अनुरोध कर रही हूं क्योंकि मैं उनके लिए बहुत कुछ करना चाहती हूं। उन्होंने आगे कहा कि "मेरा मानना है कि राजनीति मुझे किन्नर समुदाय के कल्याण के लिए काम करने का अवसर भी देगी।
 

गौरतलब है कि वर्ष 2000 में एक ट्रांसजेंडर आशा देवी गोरखपुर नगर निगम की मेयर चुने जाने के बाद सुर्खियों में आई थीं।उनके चुनाव ने राजनीतिक दलों को बड़ा झटका दिया था।इससे पहले 1998 में ट्रांसजेंडर शबनम मौसी मध्य प्रदेश राज्य विधानसभा के लिए चुनी गई थीं। वह जन प्रतिनिधि के रूप में चुनी जाने वाली पहली ट्रांसजेंडर थीं।

JAN 25, 2022 11:07 IST

बबीता फोगट पर केस दर्ज, कोरोना और चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का आरोप

पहलवान बबीता फोगट और बागपत से भाजपा उम्मीदवार कृष्णपाल मलिक पर करीब 60 अन्य लोगों के साथ चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है।उन पर सोमवार को आईपीसी की धारा 269, 270 और 188 के तहत मामला दर्ज किया गया। दरअसल उनका एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन्हें बागपत में एक सार्वजनिक रैली करते हुए देखा जा सकता है।पुलिस के मुताबिक, फोगट बदौत के बाली गांव में कृष्णपाल मलिक के लिए प्रचार करने गई थी, जो इलाके के मौजूदा विधायक भी हैं।उन्होंने गांव में एक जनसभा को संबोधित किया जिसमें किसी ने भी मास्क नहीं पहना था। आरोप है कि जनसभा करने के लिए जिला प्रशासन से भी कोई अनुमति नहीं ली गई।फोगट द्वारा अपने ट्विटर अकाउंट पर अभियान से संबंधित तस्वीरें अपलोड करने के बाद प्रशासन ने कथित चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का स्वत: संज्ञान लिया।बागपत पुलिस स्टेशन के निरीक्षक हरीश चंद्र ने कहा, "हमने चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित कोरोना प्रोटोकॉल और दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने के लिए आईपीसी और महामारी रोग अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कृष्णपाल मलिक, बबीता फोगट और 50-60 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।"

JAN 25, 2022 10:16 IST

यूपी में कांग्रेस को लग सकता है झटका, बीजेपी में शामिल हो सकते हैं आरपीएन सिंह

चुनाव से पहले यूपी में कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कद्दावर चेहरे के तौर पर पहचान बना चुके आरपीएन सिंह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।

JAN 25, 2022 09:27 IST

अखिलेश यादव पर योगी आदित्यनाथ का निशाना

योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में रहे तो कुछ करा न धरा, करें न धरें तरकस पहनें फिरें। यह सिर्फ समाजवादी पार्टी की बात नहीं है बल्कि पूरे विपक्ष का हाल है। 

JAN 25, 2022 08:24 IST

सपा ने गैर-यादव और मुस्लिमों पर जताया भरोसा

समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी उम्मीदवारों की सूची जारी की है। सपा ने पहली सूची में 31 मुस्लिमों पर भरोसा जताया है। इसके अलावा 15 यादव, 9 ब्राह्मण, 31 अनुसूचित जाति और 48 गैर-यादव पर भरोसा जताया है। छोटे दलों और दूसरे दल से आए लोगों को भी मौका दिया है।मुस्लिम-यादव की पार्टी कही जाने वाली समाजवादी पार्टी ने इस बार दलित, पिछड़े और सवर्णो पर ज्यादा ध्यान दिया है। वहीं, 11 महिलाएं भी इस सूची में शामिल हैं। पार्टी की ओर टिकट पाने वालों में बसपा से सपा में आए सात नेता हैं। वहीं, कांग्रेस से सपा में आए नौ दलबदलू भी टिकट पा गए हैं।
 

धर्म सिंह सैनी समेत भाजपा से सपा में दो नेताओं को टिकट मिला है। जिन 11 महिलाओं को टिकट मिला है, उनमें कांग्रेस से आईं कुमारी बिमलेश और सुप्रिया ऐरन भी शामिल हैं। सुप्रिया को कांग्रेस ने भी बरेली कैंट से टिकट दिया था। अब वह यहीं से सपा की उम्मीदवार होंगी। सुप्रिया बीते शनिवार को ही अपने पति पूर्व सांसद प्रवीण ऐरन के साथ सपा में शामिल हुई हैं। 2017 में चंदौसी से कांग्रेस उम्मीदवार रहीं कुमारी बिमलेश इस बार यहां से सपा उम्मीदवार होंगी। 2017 में बिमलेश को यहां से हार का सामना करना पड़ा था।
 

हुसैनगंज से उम्मीदवार बनाई गईं उषा मौर्य भी एक साल पहले तक कांग्रेस में थीं। उन्होंने फरवरी 2021 में ही सपा की सदस्यता ली थी। उसके बाद से ही टिकट की दावेदारों में थीं। उषा मौर्य दिवंगत पूर्व मंत्री मुन्नीलाल मौर्य की पत्नी हैं। राठ से पार्टी ने चंद्रवती को उम्मीदवार बनाया है। सपा की नई सूची में स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे का नाम नहीं है। रामपुर सीट से सपा सांसद आजम खां को उम्मीदवार बनाया है। स्वार विधानसभा सीट से आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम को सपा ने टिकट दिया है। चरथावल सीट से पंकज मलिक, ऊंचाहार से मनोज पांडेय, नकुड़ से धर्मपाल सैनी और कैराना से नाहिद हसन को मैदान में उतारा है।

JAN 24, 2022 22:55 IST

स्याना हिंसा के आरोपी, शिवसेना उम्मीदवार का नामांकन पत्र खारिज

स्याना हिंसा मामले के एक आरोपी योगेश राज, और दो बार विधायक रहे श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्याना हिंसा में एक पुलिस निरीक्षक की हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि कागजी काम पूरा नहीं होने की वजह से दोनों उम्मीदवारों का नामांकन पत्र खारिज किया गया। योगेश राज ने स्याना विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार योगेश कुमार के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया था। योगेश दिसंबर 2018 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के स्याना इलाके में हुई हिंसा के आरोपियों में से एक है। हिंसा के दौरान पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह और स्थानीय निवासी सुमित की गोली लगने से मौत हो गई थी। चिंगरावती गांव के बाहर मवेशियों के शव पाए जाने के बाद हिंसा भड़क गई थी।

दक्षिणपंथी संगठन के एक पदाधिकारी ने पिछले साल मई में को बताया था कि योगेश घटना के समय बजरंग दल की बुलंदशहर इकाई का संयोजक था, लेकिन अब वह इसका सदस्य नहीं है। योगेश को हालांकि इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने सितंबर 2019 में जमानत दे दी थी, लेकिन उच्चतम न्यायालय ने इस साल तीन जनवरी को इसे खारिज कर दिया था। दूसरी ओर, पंडित को शिवसेना ने डिबाई निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा था।

डिबाई से 2007 और 2012 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए पंडित ने हाल ही में आरोप लगाया था कि वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक थे, लेकिन उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह के बेटे और एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने अपनी राजनीतिक शक्ति का इस्तेमाल यह सुनिश्चित करने के लिए किया था कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पार्टी उसे टिकट न दे।

JAN 24, 2022 20:18 IST

सपा की सूची नई है लेकिन अपराधी वो ही हैं: बृजेश पाठक

समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची पर उत्तर प्रदेश के मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सूची नई है लेकिन अपराधी वो ही हैं, सूची में दंगे के अपराधी, गैंगस्टर, जिन लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लग चुका है वो लोग और मनी लॉन्ड्रिंग तक के अपराधी हैं।

JAN 24, 2022 17:52 IST

अच्छा हुआ योगी अयोध्या से चुनाव नहीं लड़ रहे : मुख्य पुरोहित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या से चुनाव लड़ने की अटकलों का पटाक्षेप होने के बाद राम मंदिर के मुख्य पुरोहित आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि अच्छा हुआ योगी यहां से चुनाव नहीं लड़े वरना उन्हें जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ता। हम तो रामलला से पूछ कर बोलते हैं। हम राम लला की प्रेरणा से बोले थे। यहां के साधू एकमत नहीं हैं। विकास परियोजनाओं के लिये जिन लोगों के मकान तोड़े गये हैं, वे सब योगी के खिलाफ हैं। इसके अलावा जिन लोगों की दुकानें तोड़ी जानी हैं वह सब भी योगी से नाराज हैं।

JAN 24, 2022 17:52 IST

उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी: हरक सिंह रावत

कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। कांग्रेस ने जिन 53 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है उनमें से 35 से ज्यादा सीटों पर कांग्रेस जीत रही है और बाकी की 17 सीटों पर अगर हम 8 या 9 सीटें और जीत जाते हैं तो आंकड़ा 40-45 बैठेगा ये पार्टी तय करेगी कि मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं और अगर लड़ना है तो कहां से लड़ना है?

JAN 24, 2022 16:48 IST

यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारक के नामों की लिस्ट जारी

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कई अन्य नेता उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग को सोमवार को 30 स्टार प्रचारकों की सूची सौंपी। इस सूची में मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम भी शामिल हैं।गुलाम नबी आजाद कांग्रेस के उन 23 प्रमुख नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने अगस्त,2020 में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस में संगठन चुनाव करवाने की मांग की थी।
यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, सोनिया, राहुल, प्रियंका गांधी समेत हैं ये नाम

JAN 24, 2022 15:09 IST

भाजपा ने जारी की पांचवीं सूची

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी पांचवी सूची को जारी कर दिया है। सोमवार को जारी अपनी पांचवी सूची में भाजपा ने सिर्फ एक उम्मीदवार के नाम का ही एलान किया है। इस बीच पांचवें, छठे और सातवें चरण के उम्मीदवारों पर चर्चा करने के लिए दिल्ली भाजपा मुख्यालय में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी चल रही है।भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने उत्तर प्रदेश को लेकर भाजपा की 5वीं सूची के बारे में बयान जारी करते हुए बताया कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने होने वाले आगामी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए ठाकुरद्वारा सीट से अजय प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाने के प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति दे दी है। आपको बता दें कि इस सीट पर दूसरे चरण में 14 फरवरी को मतदान होना है।

यूपी चुनाव को लेकर भाजपा अब तक 196 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर चुकी है।इस एलान के बीच भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता और अमित शाह एवं योगी आदित्यनाथ समेत उत्तर प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप नेताओं की मौजूदगी में बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी बैठक चल रही है।उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के लिए घमासान शुरू हो चुका है। राज्य में 7 चरणों में 10, 14, 20, 23 और 27 फरवरी एवं 3 और 7 मार्च को मतदान होना है। नतीजों की घोषणा 10 मार्च को होगी।

JAN 24, 2022 14:15 IST

बीजेपी नेताओं को शामली में गांव वालों ने घुसने से रोका

किसान आंदोलन के दुष्परिणाम अभी कम नहीं हुए हैं।शामली जिले में ग्रामीण भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का विरोध कर रहे हैं और उन्हें प्रचार करने से रोक रहे हैं।लायन गांव में, स्थानीय निवासियों ने अपने गेट और दरवाजों पर यह कहते हुए नोटिस लगाया है कि केवल राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के लोगों को ही जाने की अनुमति है। नोटिस में लिखा है, 'भाजपा के लोगों का स्वागत नहीं है।'

स्थानीय भाजपा विधायक तेजिंदर नेरवाल से स्थानीय लोग नाराज हैं।स्थानीय किसान राधेश्याम त्यागी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया, "यह विधायक पांच साल पहले चुने जाने के बाद भी यहां एक बार भी नहीं आए हैं। किसान आंदोलन के दौरान भी, उन्होंने हमसे बात करने की कभी जहमत नहीं उठाई। हम किसी ऐसे व्यक्ति को वोट क्यों दें जो पांच साल में एक बार आता है?"उन्होंने कहा कि रालोद कार्यकर्ताओं का स्वागत है क्योंकि वे नियमित रूप से गांव का दौरा कर रहे हैं और साल भर के आंदोलन के दौरान स्थानीय लोगों को अपने समर्थन का आश्वासन दे रहे हैं।

JAN 24, 2022 13:17 IST

योगी सरकार में मंत्री स्वाति सिंह एक बार फिर चर्चा में, क्या है वजह

योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री रहीं स्वाति सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार की वजह सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक ऑडियो रिकॉडिर्ंग है।इसमें स्वाति सिंह कथित तौर पर एक शख्स से बात कर रही हैं, जिसे शिकायत करते हुए सुना जा रहा है कि उनके पति दया शंकर सिंह ने उसके साथ बदसलूकी की है और जमीन हड़पने का भी मामला है।बातचीत के दौरान स्वाति कथित तौर पर उनके पति दया शंकर सिंह पर उनके साथ बुरा व्यवहार करने और मारपीट करने का आरोप लगा रही हैं। वह कहती हैं कि उनका पति दया शंकर सिंह उनके साथ मारपीट करता है।

इस बीच, ऑडियो क्लिप के संबंध में स्वाति सिंह से संपर्क करने के सभी प्रयास व्यर्थ साबित हुए और मंत्री ने कॉल का जवाब देने से इनकार कर दिया।स्वाति सिंह, जो महिला और बाल विकास मंत्री हैं, सरोजिनी नगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार हैं, जो उन्होंने 2017 में जीती थी।दया शंकर सिंह भी सीट पर दावेदारी कर रहे हैं और कहा जा रहा है कि वे टिकट की पैरवी कर रहे हैं।स्वाति सिंह 2016 में तब सुर्खियों में आई थीं जब दया शंकर सिंह ने बसपा प्रमुख मायावती के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।इसके बाद, नसीमुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में बसपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में भारी विरोध प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने स्वाति सिंह और उनकी बेटी के खिलाफ टिप्पणी की।स्वाति ने मायावती समेत बसपा नेताओं के खिलाफ हजरतगंज थाने में मामला दर्ज कराया था। दया शंकर सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया और स्वाति को महिला विंग का प्रमुख बनाया गया।

बाद में उन्होंने सरोजिनी नगर सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की और दया शंकर सिंह का निष्कासन वापस ले लिया गया। वह अब पार्टी की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष हैं।

JAN 24, 2022 13:15 IST

चुनाव से पहले नोएडा से कार में नगद बरामद

उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला पुलिस ने प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर की जा रही गाड़ियों की जांच के दौरान एक कार से कथित रुप से 2.71 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।पुलिस आयुक्त के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि नोएडा के सेक्टर 54 में पुलिस और उड़न दस्ते विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार रात वाहनों की जांच कर रहे थे, इसी दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया।उन्होंने बताया कि कार में से 2.71 लाख रुपये नकद बरामद किए गए और कार चालक इस रकम के बारे में स्पष्टीकरण देने में नाकाम रहा। अधिकारी के मुताबिक, इस रकम को जब्त कर लिया गया है।उन्होंने बताया कि इस बाबत आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है। जिले में 10 फरवरी को मतदान होना है।

JAN 24, 2022 11:58 IST

बीजेपी शासन में धर्म को लेकर असुरक्षा बढ़ी

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को निशाना बनाते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकाल में धर्म को लेकर असुरक्षा की भावना और भेदभाव बढ़ा है।मायावती ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश में ‘‘भय, भ्रष्टाचार, भेदभाव एवं जान-माल और मजहब को लेकर असुरक्षा लगातार बढ़ रही है।’’ उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, लाखों लोगों का पलायन और खराब कानून-व्यवस्था राज्य की सबसे बड़ी समस्याएं हैं, जो लगातार बढ़ती ही जा रही हैं।उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ये समस्याएं लोगों में कुंठा पैदा कर रही हैं तथा समाज एवं प्रदेश पिछड़ रहा है। यह अति-दुःखद है।"

बसपा अध्यक्ष ने गरीबों को आवास देने की भाजपा की योजनाओं को अपना बताते हुए कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में बसपा की (पूर्ववर्ती) सरकार में लगभग ढाई लाख गरीब परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराए गए और करीब 15 से 20 लाख मकान मुहैया कराने की तैयारी चल रही थी, मगर सरकार बदलने के कारण यह कार्य अधूरा रह गया और इसे ही भाजपा भुनाने का प्रयास कर रही है। इन्होंने अपना क्या किया?"

JAN 24, 2022 11:40 IST

'चुनाव में पाकिस्तान का जिक्र बीजेपी नहीं करती'

बीजेपी ने सवाल किया कि अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि वो पाकिस्तान को दुश्मन मानते हैं या नहीं। हम चुनाव में पाकिस्तान को नहीं लाते हैं। चुनाव में जिन्ना का जिक्र तो अखिलेश यादव ने ही किया।

JAN 24, 2022 11:36 IST

अखिलेश यादव क्यों नहीं जारी कर रहे हैं उम्मीदवारों की सूची- बीजेपी

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा क्या बात है अखिलेश यादव उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद को जहां होना चाहिए वहीं हैं।  

JAN 24, 2022 10:38 IST

नारों के जरिए एक दूसरे पर निशाना

यूपी में पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी को होगा। इस चरण के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपने अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। अब चुनावी सड़क पर राजनीतिक दलों के नेता है और एक दूसरे पर बयानों के जरिए निशाना साध रहे हैं। 

JAN 24, 2022 10:19 IST

बीजेपी को इन चरणों के लिए तय करने हैं उम्मीदवार

अब भाजपा को न केवल पांचवे, छठे और सातवें चरण के लिए उम्मीदवारों का नाम तय करना है बल्कि इसके साथ ही यह भी तय करना है कि सहयोगी दलों को कौन-कौन सी और कितनी सीट दी जाए । भाजपा को यह भी तय करना है कि सीट विशेष के समीकरण को देखते हुए अपने कौन-कौन से उम्मीदवारों को सहयोगी दलों के टिकट पर और उनके कौन-कौन से उम्मीदवार को अपने टिकट पर लड़ाया जाए।इसलिए सोमवार को लगातार दूसरे दिन भाजपा मुख्यालय में पार्टी के यूपी कोर ग्रुप के नेताओं की बैठक होगी। कोर ग्रुप द्वारा तय किए गए उम्मीदवारों और सहयोगी दलों को दी जाने वाली सीटों की सूची भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति को दी जाएगी।मंगलवार , 25 जनवरी को जेपी नड्डा की अध्यक्षता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर मुहर लगाई जाएगी और इसके बाद भाजपा उत्तर प्रदेश के अपने उम्मीदवारों की पांचवी सूची जारी करेगी।

JAN 24, 2022 10:17 IST

यूपी चुनाव में उम्मीदवारों के चयन और सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में भाजपा का मंथन

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों के चयन और सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक जारी रहेगी।इससे पहले रविवार को भी देर रात तक भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा , गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , यूपी चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ,यूपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत यूपी के चुनावी अभियान में जुटे अन्य नेताओं ने कई घंटे तक भाजपा मुख्यालय में बची हुई सीटों के समीकरण और उम्मीदवारों के नाम पर विस्तार से चर्चा की थी। बताया जा रहा है कि बैठक खत्म हो जाने के बाद जेपी नड्डा और अमित शाह ने अलग से भी काफी देर तक विचार विमर्श किया था।

भाजपा, उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर अब तक 195 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। भाजपा, राज्य में अपना दल ( एस) और निषाद पार्टी के साथ मिलकर राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान तो कर चुकी है लेकिन सीटों की घोषणा अभी होना बाकी है।