इलेक्शन

Bihar Election Result: सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू, 38 जिलों के 46 सेंटर पर होगी मतगणना; किस सीट का सबसे पहले और सबसे आखिरी में आएगा परिणाम?

Bihar Election Result: राज्य की 243 सीटों पर 2,616 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद है। इस बार 66.91% मतदान हुआ, जो 1951 के बाद सबसे अधिक है। मतगणना की शुरुआत पोस्टल बैलेट से होगी और आधे घंटे बाद ईवीएम की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले मोकामा सीट का परिणाम आने की संभावना है, जबकि दिघा सीट का रिजल्ट सबसे अंत में आएगा।

Image

Bihar Election Result: सुबह 8 बजे से काउंटिंग होगी शुरू।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ नवभारत)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Election Result: 243 विधानसभा सीटों पर 2616 उम्मीदवारों की किस्मत का आज फैसला होना है। 243 लोगों को बिहार की जनता अपना विधायक चुनेंगे। 11 नवंबर को हुए पहले चरण में 65 प्रतिशत वोटिंग हुई तो दूसरे चरण में 69.12 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य में इस बार कुल 66.91 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें पुरुष मतदाता 62.8 प्रतिशत और महिला मतदाता 71.6 प्रतिशत ने वोट डाला। चुनाव आयोग ने बताया कि यह 1951 के बाद सबसे उच्च मतदान प्रतिशत है। दो चरणों के चुनाव में 8.5 लाख से अधिक पोलिंग कर्मचारी और 2,616 उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त 1.4 लाख से ज्यादा पोलिंग एजेंट, 243 जनरल ऑब्जर्वर और 38 पुलिस ऑब्जर्वर शामिल रहे।

सुबह 8 बजे से शुरू होगी काउंटिंग

काउंटिंग की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। राज्य के सभी 38 जिलों में स्ट्रॉन्ग रूम बनाए गए हैं। सबसे पहले बैलेट पेपर और ETPBS यानी इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम से होगी। इसके आधे घंटे के बाद EVM की गिनती शुरू होगी। फिर दोनों साथ चलता रहेगा। वहीं, सुबह 8:30 बजे के बाद सभी टेबलों पर एक साथ EVM के वोटों की काउंटिंग शुरू होगी। बता दें कि मतगणना केंद्र पर मौजूद रिटर्निंग ऑफिसर सभी राउंड की गिनती के बाद रिजल्ट बताते हैं।

सबसे पहले कहां का आएगा रिजल्ट?

हर विधानसभा के लिए अलग-अलग हॉल में 14 टेबल पर एक साथ 14 EVM रखकर गिनती की जाएगी। यह एक राउंड होगा, जिसमें अमूमन 14 से 15 मिनट लगते हैं। करीब 9 बजे से रूझान आने शुरू हो जाएंगे। पटना जिले के मोकामा विधानसभा का रिजल्ट सबसे पहले घोषित किए जाएंगे। सबसे आखिर में दिघा विधानसभा का रिजल्ट सामने आएगा।

पोस्टल बैलेट गिनती के नियम में बदलाव

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना गुरुवार सुबह 8 बजे से पूरे राज्य में एक साथ शुरू होगी। शुरुआत में पोस्टल बैलेट की गिनती होगी और इसके साथ ही शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे। इस बार निर्वाचन आयोग ने नियमों में बदलाव करते हुए तय किया है कि आखिरी दो राउंड की ईवीएम गिनती से पहले पोस्टल बैलेट्स की पूरी गिनती पूरी की जाएगी।

गिनती के दौरान जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ेंगे, नतीजों की तस्वीर और स्पष्ट होती जाएगी। अनुमान है कि दोपहर तक रुझान तय कर देंगे कि किसकी सरकार बनती दिख रही है, जबकि अंतिम परिणाम शाम तक घोषित होने की संभावना है।

मतगणना के इंतजाम को लेकर चुनाव आयोग ने क्या कहा?

निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा, “243 विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। मतगणना 243 रिटर्निंग अधिकारियों की देखरेख में उनके साथ तैनात 243 पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में और उम्मीदवारों अथवा उनके एजेंटों की मौजूदगी में कराई जाएगी।”

इसने कहा, “कुल 4,372 मतगणना टेबल लगाए गए हैं, प्रत्येक पर एक सुपरवाइजर, एक गणना सहायक और एक सूक्ष्म पर्यवेक्षक तैनात रहेगा। उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त 18,000 से अधिक गणना एजेंट भी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।”

दोहरी लॉक व्यवस्था वाले स्ट्रांग रूम में सील बंद है EVM और VVPAT

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और बिहार पुलिस के पर्याप्त जवानों की तैनाती पूरे राज्य में की गई है, ताकि मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।” उन्होंने बताया कि राज्य के बाहर से भेजी गई 106 कंपनियां भी सुरक्षा ड्यूटी में लगाई गई हैं।

एक चुनाव अधिकारी ने कहा कि मतदान में उपयोग किए गए ईवीएम और वीवीपैट को दोहरी लॉक व्यवस्था वाले स्ट्रांग रूम में सील कर सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा, “मतगणना केंद्रों पर दो-स्तरीय सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। अंदरूनी सुरक्षा घेरा सीएपीएफ के हवाले है, जबकि बाहरी परिधि की सुरक्षा राज्य पुलिस के जिम्मे है। इसके अलावा 24×7 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और अन्य सुरक्षा उपाय भी लागू किए गए हैं।”

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article