UP Elections 2022 : PM की मतदाताओं से अपील-मतदान का बनाएं रिकॉर्ड, यह पूर्णाहुति का दिन 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 7, 2022, 03:10 PM IST

UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में सोमवार को सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की है। यूपी के चुनाव नतीजे 10 मार्च को घोषित होंगे। इस चरण में 54 सीटों पर मतदान हो रहा है।

UP Elections 2022 : PM की मतदाताओं से अपील-मतदान का बनाएं रिकॉर्ड, यह पूर्णाहुति का दिन 
Photo Credit: ANI

UP polling 7th phase : उत्तर प्रदेश में अंतिम चरण के लिए सोमवार को वोटिंग हो रही है। अंतिम चरण में नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट वाराणसी में भी वोटिंग हो रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने और रिकॉर्ड बनाने की अपील की है। पीएम ने कहा है कि यह लोकतंत्र के महायज्ञ की पूर्णाहुति का दिन है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के लिए मतदान करने की अपील की है। 

'आज लोकतंत्र के महायज्ञ की पूर्णाहुति का दिन'
पीएम ने अपने ट्वीट में कहा कि 'उत्तर प्रदेश में आज लोकतंत्र के महायज्ञ की पूर्णाहुति का दिन है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के मतदान में पूरे जोश-खरोश से भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं।'

सीएम योगी ने भी किया ट्वीट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्वीट में कहा, 'उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव-2022 का आज अंतिम चरण है।सभी सम्मानित मतदाता गण राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की विजय के लिए मतदान अवश्य करें। आपका एक वोट माफियावादियों, दंगावादियों और घोर परिवारवादियों से आपके प्रदेश को बचाएगा। अतः पहले मतदान करें फिर जलपान करें।'

UP Election: सातवें चरण की ये हैं हॉट सीटें, ओम प्रकाश राजभर,अब्बास अंसारी से लेकर इनकी किस्मत का होगा फैसला


10 मार्च को आएंगे चुनाव नतीजे
सातवें एवं अंतिम चरण में वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़ और जौनपुर जिलों में वोटिंग हो रही है। मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से लोगों की कतारें दिखनी शुरू हो गईं। इस चरण में 2.06 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और इनमें 1.09 करोड़ पुरुष, 97.08 लाख महिला तथा 1027 तृतीय श्रेणी (ट्रांसजेंडर) के मतदाता हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पूर्ववर्ती छह चरणों में 349 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो चुका है। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को हुआ था और 10 मार्च को मतगणना होगी।

End of Article