शाहजहांपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर आठ बार निर्वाचित हुए खन्ना नौवीं बार जीत के लिए अपनी सभाओं में कवि प्रदीप का लिखा देशभक्ति गीत ‘हम लाए हैं तूफान से कश्ती निकाल के’ की पैरोडी 'इस क्षेत्र को रखना मेरे मित्रों संभाल के, हम लाएं हैं अपराध से यूपी निकाल के’ गा-गा कर वोट मांग रहे हैं।
मतदाताओं को गाना सुनाने के बाद खन्ना अपने भाषण में उसका पूरा मतलब भी समझाते हैं। वह बताते हैं, 'कैसे पांच साल में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य से माफिया, जातिवाद, क्षेत्रवाद को समाप्त कर विकास का नया अध्याय शुरू किया है।'
वह अपनी नौंवी जीत के लिए मतदाताओं को जागरूक भी करते हैं।
खन्ना के मुकाबले इस बार समाजवादी पार्टी ने अपने जिलाध्यक्ष तनवीर खां, कांग्रेस ने पूनम पांडेय और बहुजन समाज पार्टी ने सर्वेश मिश्र को चुनाव मैदान में उतारा है। यहां दूसरे चरण में 14 फरवरी को मतदान होना है।

