Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। लेकिन लोकसभा चुनाव इंडिया गठबंधन के हिस्से के रूप में लड़ा जाएगा। केजरीवाल ने हरियाणा के जींद में अपनी पार्टी की बदलाव जनसभा में कहा, आज लोगों को केवल एक ही पार्टी पर भरोसा है, वह है आप। एक तरफ उन्हें पंजाब दिखता है और दूसरी तरफ दिल्ली में हमारी सरकार. आज हरियाणा एक बड़ा परिवर्तन चाह रहा है। दिल्ली और पंजाब में लोगों ने पहले यह बड़ा बदलाव किया और अब वहां के लोग खुश हैं।
पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं
केजरीवाल की यह घोषणा इस ऐलान के कुछ दिनों बाद आई है कि पार्टी 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए पंजाब में कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि आप सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और हम हरियाणा में अगली सरकार बनाएंगे और इसे देश का नंबर 1 राज्य बनाएंगे। इस कार्यक्रम में पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद थे। केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा एक बड़े बदलाव की तलाश में है क्योंकि राज्य के लोग यहां शासन करने वाली सभी पार्टियों से तंग आ चुके हैं।
केजरीवाल बोले, सभी पार्टियों ने भरा अपना खजाना
आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि जनता अन्य सभी पार्टियों को परखा है और इन पार्टियों ने केवल अपना खजाना भरा है। केवल आम आदमी पार्टी ही लोगों को चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति और अन्य सुविधाएं प्रदान कर सकती है जैसा कि उसने दिल्ली और पंजाब में किया है। क्या कांग्रेस, बीजेपी और जेजेपी ऐसा कर सकते हैं? वे नहीं कर सकते। केवल आप ही ऐसा कर सकती है, केजरीवाल ने केंद्र सरकार की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि भाजपा नेता उन्हें सलाखों के पीछे डालना चाहती है क्योंकि दिल्ली में उनकी सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में बदलाव किया है।
भाजपा मुझे सलाखों के पीछे डालना चाहती है...
केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसौदिया और सत्येन्द्र जैन को जेल भेज दिया गया क्योंकि उन्होंने दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों को बदल दिया था। भाजपा मुझे सलाखों के पीछे डालना चाहती है क्योंकि मैं ईमानदार हूं। अगर मैंने भाजपा को पैसा दिया होता तो वे मुझे ईमानदार कहते। मैं हरियाणा से हूं और हम लोग किसी के सामने नहीं झुकते।
