पहाड़ी रास्तों पर सफर करना जितना रोमांचक होता है, उतना ही खतरनाक भी हो सकता है। यहां सड़कें अक्सर संकरी होती हैं और कई जगहों पर चढ़ाई काफी तेज होती है। ऐसे रास्तों पर भारी वाहनों को चलाते समय जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सोशल मीडिया (Social Media) पर इन दिनों एक ऐसा ही खौफनाक वीडियो (Video) खूब वायरल हो रहा है, जिसमें पहाड़ी सड़क पर चढ़ने की कोशिश कर रहा एक भारी ट्रक पीछे की ओर खिसकने लगता है। इस घटना को देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
पहाड़ी रास्ते से लुढ़कते हुए ट्रक खाई में जा गिरा
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक ट्रक पहाड़ी सड़क पर खड़ी है। ट्रक का ड्राइवर उसे बैक करने की कोशिश कर रहा है। इसी कोशिश में ड्राइवर ट्रक से अपना कंट्रोल खो देता है और ट्रक धीरे-धीरे पीछे खिसकने लगती है। कुछ ही सेकंड में ट्रक पीछे की तरफ लुढ़कता हुआ गहरी खाई में जा गिरता है। वीडियो में आप ट्रक को गहरी खाई में गिरते देख सकते हैं। ट्रक के गिरने के बाद एक शख्स बिलख-बिलख कर रोता नजर आ रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल
इस हादसे के वीडियो (Video) को पीछे खड़े एक ट्रक चालक ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @CrowDhillon8 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी में एक दर्दनाक स्थिति का जिक्र किया गया है। जिसमें बताया गया है कि अपनी आंखों के सामने छोटे भाई को खोने का दर्द कितना भयानक हो सकता है।
पहाड़ी सड़क पर ट्रक चलाना कितना खतरनाक?
पहाड़ी रास्तों पर जब कोई भारी ट्रक तेज चढ़ाई पर आगे बढ़ने की कोशिश करता है, तो कई बार उसे मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। अगर ट्रक की रफ्तार कम हो जाए और इंजन पर्याप्त ताकत न दे पाए, तो वाहन पीछे की तरफ खिसक सकता है। ऐसी स्थिति में आसपास मौजूद लोगों और दूसरे वाहनों के लिए संभलने का मौका भी बहुत कम होता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
