Kolkata Heavy Rainfall: देर रात भारी बारिश के चलते कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में पानी भर चुका है। आलम कुछ ऐसा है कि यातायात, सार्वजनिक परिवहन और रोजमर्रा के काम भी ठप्प पड़ गए हैं। भारी बारिश और बिजली गिरने के मामलों में कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। बारिश से हाहाकार के चलते अब पश्चिम बंगाल सरकार ने अब आने वाले दो दिनों तक स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। 24 और 25 सितंबर को राज्य के पहाड़ी एरिया वाले स्कूलों को छोड़कर सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
बंद रहेंगे सभी स्कूल
23 सितंबर को जारी इस आदेश के मुताबिक, 24 और 25 सितंबर को खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए बंगाल सरकार ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। राज्य के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त/प्रायोजिक प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों सहित सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। हालांकि, ये आदेश पहाड़ी क्षेत्रों के लिए लागू नहीं होगा।

Calcutta University
सरकार ने जारी किया ये नोटिस
इस संबंध में पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्षों को नोटिस भी भेजा गया है ताकि जरूरी आदेश जारी किए जा सकें। सरकार द्वारा जारी इस आदेश की कॉपी अतिरिक्त मुख्य सचिव, जन शिक्षा और पुस्तकालय सेवा विभाग, तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग व अल्पसंख्यक मामलों व मदरसा शिक्षा विभाग के प्रधान सचिवों को भेजी गई है।
राज्य सरकार ने ये साफ किया है कि छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है।
कोलकाता यूनिवर्सिटी के एग्जाम स्थगित
राजधानी में बारिश से मच रहे हाहाकार को देखते हुए कलकत्ता विश्वविद्यालय ने भी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। ये फैसला छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है। इसके साथ ही आने वाले समय में बाढ़ और बारिश की स्थिति को देखते हुए एग्जाम को लेकर अगला नोटिस जारी किया जाएगा।
