एजुकेशन

UP में नौजवानों के लिए नौकरी का खुलेगा खजाना, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने दी खुशखबरी

Jobs in UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देवरिया के मझौलीराज में युवाओं और रोजगार को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने की तैयारी है।

Image

UP में नौजवानों के लिए नौकरी का खुलेगा खजाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देवरिया के मझौलीराज में युवाओं और रोजगार को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पिछले नौ साल में करीब साढ़े नौ लाख लोगों को सरकारी नौकरी दे चुकी है। अब प्रदेश में जल्द ही एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने की तैयारी है। इसके साथ ही दो करोड़ नौजवानों को टैबलेट देने की योजना पर भी काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त जनसभा को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 305 करोड़ रुपये की 80 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। जल्द ही 45 हजार होमगार्ड और 36 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। पुलिस भर्ती में करीब 4 हजार पद सब इंस्पेक्टर के भी होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी UPPSC के जरिए अलग-अलग विभागों में करीब 30 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। सरकार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को आगे भी जारी रखा जाएगा।

शिक्षकों की भी होगी जबरदस्त भर्ती

मुख्यमंत्री ने कहा 'यूपीटीईटी की परीक्षा में 13 लाख नौजवान पास हुए हैं। उनकी भर्ती का अधियाचन (मांग-पत्र) भेजा जा चुका है और इसका विज्ञापन जल्द ही जारी होने वाला है, जिससे नौजवानों के लिए नौकरी के बड़े अवसर खुलेंगे।'

दो करोड़ युवाओं को टैबलेट

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने की दिशा में काम कर रही है। उनके अनूसार, अब तक 50 लाख से ज्यादा युवाओं को टैबलेट मिल चुके हैं और 25 लाख टैबलेट के लिए दोबारा ऑर्डर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्नातक अंतिम वर्ष में पढ़ने वाले सभी छात्रों को भी टैबलेट देने की योजना है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को पढ़ाई और रोजगार से जुड़ी डिजिटल सुविधाओं से जोड़ना है।

हर जिले के युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश के अलग-अलग जिलों के युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। सरकारी नौकरी के अलावा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के रास्ते भी तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने हर न्याय पंचायत स्तर पर युवाओं को डिजिटल एंटरप्रेन्योर के रूप में काम देने की बात भी कही।

भर्ती प्रक्रिया में होगी पारदर्शिता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भर्तियों में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होगी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का दावा करते हुए कहा कि योग्य युवाओं को उनकी क्षमता के आधार पर नौकरी मिल रही है।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article