UP Board Class 10th Maths Paper Leak: क्या आप भी यूपी बोर्ड 10वीं का पेपर दे रहे हैं, अगर हां, तो ये खबर आपको जरूर पढ़नी चाहिए। यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं गणित का पेपर व्हाट्सएप ग्रुप पर लीक होने की खबर है। गौरतलब है कि UP Board Class 10th Maths पेपर का आयोजन 1 मार्च सुबह 8:30 बजे से 11:45 तक किया गया था। जिन्होंने इस परीक्षा में भाग लिया है, उन्हें दोबारा से गणित का पेपर आयोजित कराने का डर सता रहा होगा। बता दें, इस मामले में परीक्षा केंद्र प्रभारी पर मामला दर्ज किया गया है।
मीडिया रिर्पोट्स के अनुसार, घटना चौधरी बीएल इंटर कॉलेज में परीक्षा की सुबह हुई। पेपर का आयोजन 1 मार्च शनिवार किया गया, जब परीक्षा चल रही थी, तभी सुबह 9:37 बजे केंद्र व्यवस्थापक अंजू यादव ने आधिकारिक परीक्षा वॉट्सऐप ग्रुप पर गणित का पेपर भेज दिया। इस वॉट्सऐप ग्रुप में एटा के जिला मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस), स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र अधीक्षक समेत 125 अधिकारी शामिल थे।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार ने कहा, “इस मामले का पता चलने पर अंजू यादव से स्पष्टीकरण मांगा गया है और पेपर को ग्रुप से हटवा दिया गया है। इसके बाद मामले की सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह को भी दे दी गई है।” इस मामले को लेकर जैथरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
किस धारा कि तहत दर्ज हुआ मामला
अंजू यादव के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मीडिया रिर्पोट्स के अनुसार, उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और घटना की पूरी तह तक जांच की जा रही है।
फिलहाल जैसे जैसे इस मामले में नई जानकारी आएगी आपको timesnowhindi.com/education पर उपलब्ध कराई जाएगी।
UP Board 2025 Date Sheet
यूपी बोर्ड 10वीं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी से चल रही हैं। UP Board 2025 Date Sheet के अनुसार, 12 मार्च को ये परीक्षाएं खत्म हो जाएंगी। परीक्षा संपन्न होने के बाद पूरी संभावना है कि अप्रेल से मई तक में परिणाम जारी किए जाएंगे।
