एजुकेशन

यूपी में शिक्षकों के 11,508 रिक्त पदों का अधियाचन अपलोड, शिक्षक भर्ती की जल्द शुरू होने की उम्मीद

यूपी में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के लिए 11,508 पदों का अधियाचन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र NIC के ई-पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।

Image

यूपी में शिक्षक भर्ती जल्द

यूपी में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के लिए 11,508 पदों का अधियाचन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र NIC के ई-पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। शहरी स्कूलों में इतनी बड़ी संख्या में रिक्त पदों का अधियाचन करीब 30 वर्ष बाद अपलोड किया गया है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों के लिए 48 हजार पदों का अधियाचन अपलोड करने की तैयारी भी चल रही है।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधियाचन का परीक्षण कर करीब 59 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज कर सकता है। बता दें कि प्रदेश में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के 2 लाख 25 हजार से अधिक स्कूल हैं। आंकड़ों के अनुसार, इनमें डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं। जून महीने में बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने नगरीय क्षेत्र के लिए प्रत्यक्ष रूप से अधियाचन भेजा था। इस खबर से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से शिक्षक बनने का सपना देख रहे हैं।

नगर क्षेत्र में 15 हजार तक हैं रिक्तियां

विभागीय सूत्रों के अनुसार, नगरीय विद्यालयों में 12 से 15 हजार शिक्षकों के पद रिक्त हैं। बेसिक शिक्षा परिषद ने 11,508 पदों के लिए अधियाचन ई-पोर्टल पर अपलोड किया है। वर्ष 2010 के बाद ग्रामीण अंचल में शिक्षकों की कमी को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों के अध्यापकों के तबादले किए गए थे। इसके कारण नगरीय विद्यालयों में बड़ी संख्या में पद रिक्त हो गए थे। अब इन रिक्तियों को भरने की कवायद तेज हो गई है।

इससे पहले शिक्षा निदेशालय ने एडेड माध्यमिक विद्यालय में अब प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी), प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) व संबद्ध प्राइमरी में सहायक अध्यापक के कुल 21,252 रिक्त पदों का विवरण (अधियाचन) उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के पोर्टल पर ऑनलाइन भेजा था।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article