केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के ऑनलाइन मार्क्स सिस्टम में सुरक्षा खामियों को उजागर करने वाले 19 वर्षीय साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर निसर्ग अधिकारी को अब अमेरिकी न्याय विभाग यानी US Department of Justice (DoJ) की साइबर सिक्योरिटी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। निसर्ग ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की है। इससे पहले जून 2026 में IIT कानपुर ने निसर्ग अधिकारी को अपने C3iHub में Open-Source Intelligence (OSINT) और Threat Intelligence Engineer के तौर पर नियुक्त किया था। C3iHub साइबर सिक्योरिटी और साइबर डिफेंस से जुड़े रिसर्च पर काम करता है।
निसर्ग इसी साल तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने सीबीएसई के ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम में सुरक्षा से जुड़ी खामियों की पहचान की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पाया था कि बिना उचित वेरिफिकेशन के छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं तक ऑनलाइन पहुंच संभव थी। उन्होंने इस जानकारी को संबंधित अधिकारियों के साथ जिम्मेदारी से साझा किया था।
US DoJ के सिस्टम में भी खोजी खामी
निसर्ग के मुताबिक, उन्होंने अमेरिकी न्याय विभाग के एक बड़े लॉ एनफोर्समेंट सिस्टम में गंभीर सुरक्षा खामी की पहचान की थी। उन्होंने बताया कि इस खामी को उन्होंने खुद वेबसाइट को एक्सप्लोर करते हुए और अपने बनाए कुछ कस्टम स्क्रिप्ट की मदद से खोजा। रिपोर्ट किए जाने के करीब एक सप्ताह के भीतर DoJ ने इसकी पुष्टि कर इसे ठीक कर दिया और इसके बाद निसर्ग का नाम विभाग की हॉल ऑफ फेम/अकनॉलेजमेंट लिस्ट में शामिल किया गया।
खामी की हुई पुष्टि
उन्होंने यह भी बताया कि इस काम के लिए उन्हें कोई भुगतान नहीं मिला। इसके अलावा, निसर्ग ने अमेरिकी रक्षा विभाग से जुड़े एक सिस्टम में भी सुरक्षा खामी मिलने और उसे रिपोर्ट करने की जानकारी दी है। उनके अनुसार, उस मामले में खामी की पुष्टि हो चुकी है और उसे ठीक करने की प्रक्रिया जारी है।
