Delhi University Female Students protest in Women's Hostel Over Extra Fees: दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्रावास सुविधाओं और फीस को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। बीती रात डीयू के एक गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं का विरोध प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। छात्राओं ने हॉस्टल प्रशासन पर जबरन कमरा खाली कराने, अतिरिक्त फीस वसूलने और सुविधाओं की अनदेखी करने के आरोप लगाए हैं। इस मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में छात्राएं हॉस्टल परिसर में धरने पर बैठ गईं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पहले भी कई कॉलेजों और हॉस्टलों में फीस वृद्धि और नियमों के खिलाफ छात्र आंदोलन हो चुके हैं। फिलहाल छात्राएं अपनी मांगों पर अड़ी हुई हैं और मामले के जल्द समाधान की मांग कर रही हैं।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि कई छात्राएं दूसरे राज्यों से आती हैं और उनके लिए अचानक हॉस्टल खाली करना आसान नहीं है। कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन बिना पर्याप्त समय दिए उन्हें बाहर जाने के लिए दबाव बना रहा है। उनका कहना है कि पढ़ाई और इंटर्नशिप के कारण कई छात्राएं गर्मी की छुट्टियों में भी दिल्ली में रहती हैं, ऐसे में अतिरिक्त शुल्क लगाना गलत है।
क्या है पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्राओं का आरोप है कि उनसे छुट्टियों के दौरान रहने के लिए रोजाना अतिरिक्त शुल्क मांगा जा रहा है। साथ ही हॉस्टल प्रशासन द्वारा यह कहा गया कि तय समय के भीतर कमरा खाली नहीं करने पर कार्रवाई की जा सकती है। इसे लेकर छात्राओं में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने आधी रात को प्रदर्शन शुरू कर दिया।
क्या बोला प्रशासन
वहीं इस पूरे मामले पर अभी तक हॉस्टल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन का कहना है कि हॉस्टल नियमों के तहत ही प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
छात्र संगठन सक्रिय
इस पूरे मामले में अब छात्र संगठनों ने भी इस मुद्दे को लेकर प्रशासन की आलोचना की है। संगठन ने मांग की कि अतिरिक्त फीस वापस ली जाए और छात्राओं को बिना दबाव हॉस्टल में रहने दिया जाए। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन यानी AISA से जुड़े छात्रों ने इसे “जबरन निष्कासन” बताया और कहा कि हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा।
