CBSE Class 10 Science Exam Analysis and Review in Hindi: बुधवार 25 फरवरी को सीबीएसई बोर्ड 10वीं साइंस विषय का पेपर हुआ। छात्रों और विशेषज्ञों ने इसे आसान बताया है। आइये जानते हैं कि सीबीएसई 10वीं साइंस का पेपर कैसा था। इस बार का पेपर देखकर स्टूडेंट्स का रिएक्शन था – “ना ज्यादा टफ, ना ज्यादा इजी… बस परफेक्ट बैलेंस!” सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक एक ही शिफ्ट में हुई इस परीक्षा में देशभर से लाखों छात्रों ने हिस्सा लिया। पेपर पूरी तरह NCERT बेस्ड था, यानी जिसने भी किताब अच्छे से पढ़ी थी, उसके लिए गेम स्ट्रॉन्ग रहा। इस बार फोकस रट्टा नहीं, बल्कि कॉन्सेप्ट क्लियर हैं या नहीं—इस पर था। पेपर का लेवल मॉडरेट माना जा रहा है।
बेसिक कॉन्सेप्ट्स, डायग्राम और थ्योरी से जुड़े सवालों के साथ कुछ ऐसे प्रश्न भी थे जो स्टूडेंट्स की क्रिटिकल थिंकिंग चेक करते थे। अच्छी बात ये रही कि न्यूमेरिकल्स की संख्या कम थी, जिससे टाइम मैनेजमेंट आसान हो गया और ज्यादातर छात्रों ने पेपर समय पर पूरा कर लिया।
क्या बोले एक्सपर्ट
मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कहिलीपारा, गुवाहाटी (असम) की टीजीटी साइंस कबीरी बुरागोहेन के मुताबिक, “पेपर अच्छी तरह स्ट्रक्चर्ड था और इसमें कॉन्सेप्चुअल अंडरस्टैंडिंग व एप्टीट्यूड बेस्ड क्वेश्चन का बैलेंस देखने को मिला। यह न तो बहुत आसान था और न ही बहुत कठिन।” सिल्वरलाइन प्रेस्टीज स्कूल की विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा शर्मा का कहना है कि बहुविकल्पीय प्रश्न और योग्यता आधारित प्रश्न औसत कठिनाई स्तर के थे और कुछ हद तक चुनौतीपूर्ण भी थे, जिससे संतुलित मूल्यांकन सुनिश्चित हुआ। छात्रों ने समय रहते ही प्रश्नपत्र पूरा कर लिया और प्रश्नपत्र के स्तर से संतुष्ट थे। कुल मिलाकर, सभी प्रश्नपत्र आसान से मध्यम स्तर के थे।
ओवरऑल वाइब यही है कि जिसने NCERT पर फोकस रखा, उसके लिए ये एग्जाम स्मूद रहा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस साल एवरेज मार्क्स हाई जा सकते हैं, क्योंकि पेपर ने स्टूडेंट्स के बेसिक्स को टेस्ट किया, ट्रिकी ट्विस्ट कम थे। कुल मिलाकर, CBSE का ये साइंस पेपर 2026 “कंफ्यूजन नहीं, कॉन्सेप्ट क्लैरिटी” वाला था—और स्टूडेंट्स के लिए एक कॉन्फिडेंस बूस्टर साबित हो सकता है।
क्या बोले छात्र
विश्व भारती स्कूल के कक्षा 10 के छात्र वंश चौधरी को दूसरा सेट मिला और उन्होंने बताया कि कोई भी प्रश्न पाठ्यक्रम से बाहर का नहीं था। बल्कि प्रश्न आसान थे और एनसीईआरटी, पिछले वर्ष के प्रश्नपत्र और सैंपल पेपर ने उनकी तैयारी में काफी मदद की। विश्व भारती की ही एक अन्य छात्रा उन्नति स्याल ने बताया कि पहले सेट में सभी प्रश्न एनसीईआरटी पर आधारित थे। उन्होंने कहा, "मैंने लगभग 20-21 प्रश्नपत्र हल किए और उनसे मुझे काफी मदद मिली। तीनों सेक्शन में से जीव विज्ञान सबसे आसान था।"

CBSE Class 10 Students: सीबीएसई 10वीं के छात्र
बाल भारती पब्लिक स्कूल के छात्र श्रेयांश सिन्हा ने बताया कि एनसीईआरटी द्वारा समर्थित पिछले वर्ष के प्रश्न पत्रों और सैंपल पेपरों ने उनकी तैयारी में बहुत मदद की। सेट 1 प्राप्त करने वाली संजुला गुप्ता ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था अच्छी थी और अब वह एआई परीक्षा की तैयारी करेंगी।
सीबीएसई क्लास 10 साइंस पेपर पैटर्न
यह प्रश्नपत्र नवीनतम प्रारूप के अनुसार तीन भागों में विभाजित था: भाग अ - जीवविज्ञान (30 अंक), भाग ब - रसायन विज्ञान (25 अंक) और भाग ग - भौतिक विज्ञान (25 अंक)। प्रश्नपत्र में कुल 39 प्रश्न थे। प्रश्नपत्र में सरल और अवधारणा-आधारित दोनों प्रकार के प्रश्न थे। यह संशोधित प्रारूप पर आधारित था, जिसमें योग्यता-आधारित शिक्षण और अवधारणाओं के अनुप्रयोग पर जोर दिया गया था।
