एजुकेशन

UPSC CSE 2025: जामिया की ‘आवासीय कोचिंग अकादमी' के 38 विद्यार्थियों को मिली सफलता, लिस्ट में 15 महिलाएं

UPSC CSE 2025: जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) की आवासीय कोचिंग अकादमी (आरसीए) के 38 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा-2025 में सफलता प्राप्त की है। इस परीक्षा के परिणाम आज 6 मार्च शुक्रवार को घोषित किए गए।

Image

जामिया की ‘आवासीय कोचिंग अकादमी'

UPSC CSE 2025: जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) की आवासीय कोचिंग अकादमी (आरसीए) के 38 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा-2025 में सफलता प्राप्त की है। इस परीक्षा के परिणाम आज 6 मार्च शुक्रवार को घोषित किए गए। एक अधिकारी ने बताया कि सफल उम्मीदवारों में 15 महिलाएं शामिल हैं, जो समानता और समावेशिता को बढ़ावा देने में जेएमआई की भूमिका को रेखांकित करती हैं। चार उम्मीदवारों ने शीर्ष 50 में स्थान प्राप्त किया, जिनकी अखिल भारतीय रैंक क्रमशः 7, 14, 24 और 29 रही।

जेएमआई के कुलपति मजहर आसिफ ने सफल उम्मीदवारों को बधाई दी और आरसीए के 'कोचिंग और करियर योजना केंद्र' के शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

आसिफ ने कहा, "संपूर्ण जेएमआई परिवार की ओर से मैं हमारे सभी प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई देता हूं जिन्होंने हमें गौरवान्वित किया है। आरसीए से प्रशिक्षित हमारे विद्यार्थियों की असाधारण सफलता जेएमआई में विद्यमान कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प की संस्कृति को दर्शाती है, जो देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में सफलता के लिए एक अहम तत्व है।"

विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मोहम्मद महताब आलम रिजवी ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, "यह देखते हुए कि अभूतपूर्व संख्या में विद्यार्थियों विशेषकर महिलाओं ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है।’'

जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा में भाग लिया था, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर से अपना रिजल्ट देख व डाउनलोड कर सकते हैं। यूपीएससी सीएसई 2025 में अनुज अग्निहोत्री ने टॉप किया है। बाकी टॉपर्स लिस्ट देखने के लिए यहां CLICK करें।

(भाषा इनपुट के साथ)

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article