Delhi NCR Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12 December 2025: नई दिल्ली और एनसीआर में पिछले दो दिनों से दिन के तापमान में कोई खास गिरावट देखने को नहीं मिली है। इसके विपरीत, रातों की ठंड लगातार बनी हुई है। दिसंबर का दूसरा सप्ताह खत्म होने को है, लेकिन दिनभर तेज धूप निकल रही है, जिसकी गर्माहट इतनी तीखी है कि कुछ मिनट धूप में बैठना भी मुश्किल लग रहा है। इस बार दिल्ली-एनसीआर के लोग कड़कड़ाती ठंड और घने कोहरे का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि दिसंबर में अब तक ठंड का असर सामान्य से कम है। हालांकि, रात के समय पारा लगातार नीचे जा रहा है और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिसकी वजह से नवंबर से ही रातों में सर्दी का असर महसूस किया जा रहा है, जबकि दिन में ठंड लगभग नदारद है।
दिल्ली NCR में तापमान और AQI का हाल
दिल्ली-एनसीआर में तापमान और वायु गुणवत्ता के हालात इस प्रकार हैं, जहां राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि AQI 277 रहा। नोएडा में अधिकतम 23 और न्यूनतम 11 डिग्री तापमान के साथ AQI 254 रिकॉर्ड किया गया। गाजियाबाद में भी दिन का तापमान 23 और रात का 10 डिग्री रहा, यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 303 तक पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। गुरुग्राम में 23 डिग्री अधिकतम और 10 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ AQI 230 दर्ज हुआ। ग्रेटर नोएडा में अधिकतम 23 और न्यूनतम 10 डिग्री तापमान रहा तथा AQI 259 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, फरीदाबाद में दिन का तापमान 23 और रात का 11 डिग्री रहा, जबकि AQI 289 दर्ज किया गया। कुल मिलाकर, पूरे एनसीआर में तापमान स्थिर है लेकिन वायु गुणवत्ता अब भी खराब स्थिति में बनी हुई है।
दिल्ली में इस दिन से बढ़ेगी ठंड
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 17 दिसंबर तक दिल्ली-एनसीआर का मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा। दिन के समय धूप दिखाई देती रहेगी, जबकि बीच-बीच में हल्के बादल भी छाए रह सकते हैं। सुबह के वक्त थोड़ा बहुत कोहरा रहेगा, लेकिन उसके बाद आसमान साफ हो जाएगा। दिनभर हल्की धुंध बनी रह सकती है और हवाएं लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है, जो पिछले 24 घंटों में भी इसी गति पर दर्ज की गई थीं। अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, वहीं रात के समय न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।
स्काईमेट वेदर के मुताबिक,
पहाड़ों पर अब लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिनके चलते वहां रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी। आने वाला पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पर भी हल्का प्रभाव डाल सकता है। बारिश की संभावना भले ही कम हो, लेकिन बादल पंजाब, हरियाणा और दिल्ली तक पहुंच सकते हैं। दूसरी ओर, दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी रहेगी और उत्तर-पूर्वी मानसून भी कमजोर स्थिति में बना रहेगा। हालांकि, अगले दो दिनों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होने की उम्मीद है। इसके प्रभाव के कारण करीब दो दिन बाद उत्तर भारत में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
