Delhi Crime News: दिल्‍ली में दिलदहला देने वाली घटना, रेप का विरोध करने पर महिला की गला रेत कर हत्‍या

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 7, 2022, 12:57 PM IST

Delhi Crime News: गांधी नगर इलाके में कुछ दिन पूर्व हुई एक महिला की मौत में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। महिला की रेप का विरोध करने की वजह से कैंची से गला रेत कर हत्‍या कर दी गई थी। हत्‍या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Delhi Crime News: दिल्‍ली में दिलदहला देने वाली घटना, रेप का विरोध करने पर महिला की गला रेत कर हत्‍या
Photo Credit: Representative Image

Delhi Crime News: दिल्‍ली के गांधी नगर इलाके में बीते दिनों हुई एक महिला की मौत मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार यह मौत सीढ़ियों से गिरने के दौरान मंगलसूत्र फंसकर गला कटने से नहीं हुई थी, बल्कि महिला द्वारा रेप का विरोध करने पर एक युवक ने गला रेतकर महिला की हत्या कर दी थी। आरोपी हत्‍यारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि जिस मकान में महिला किराये पर रह रही थी, उसी में आरोपी भी किरायेदार के तौर पर रहता था। पुलिस ने आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिला निवासी मान सिंह के रूप में की है।

इस वारदात के बारे में पुलिस जांच की जानकारी देते हुए शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आर.सत्यसुंदरम ने बताया कि एक जुलाई की दोपहर को पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक महिला सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गई है। जब पुलिस घटनास्‍थल पर पहुंची तो महिला की मौत हो चुकी थी। पीड़ित महिला मूलरूप से बिहार के मधुबनी की रहने वाली थी। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला के गले पर कट का घाव था, जिसमें मंगलसूत्र घुसा हुआ था। इस वजह से शुरुआत में लगा कि मंगलसूत्र से ही महिला का गला कटा है। लेकिन जब जांच रिपोर्ट आई तो उसमें तेज धारदार हथियार से गला कटने की बात आई। जिसके बाद पुलिस जांच की दिशा बदल गई और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पहले की रेप की कोशिश, जब नहीं हुआ सफल तो कैंची से रेत दिया गला

पुलिस ने बताया कि हत्‍यारोपी मान सिंह पिछले दो साल से इस तीन मंजिला मकान में रह रहा था। इस मकान में ज्‍यादातर नौकरीपेशा और मजदूर वर्ग के लोग रहते थे। आरोपित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह कांति नगर की एक फैक्ट्री में सिलाई का काम करता था। घटना वाले दिन वह छुट्टी पर था। वहीं बाकि लोग अपने-अपने काम पर जा चुके थे। पूरे मकान में आरोपी और पीड़ित महिला अपने दो बच्चों के साथ मौजूद थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सुबह अपने कमरे में बैठकर पहले शराब पी और दोपहर करीब 12 बजे जब महिला छत पर कपड़े सुखाकर लौट रही थी तो उसे आरोपी ने दूसरी मंजिल की सीढ़ियों पर पकड़ लिया। आरोपी जब महिला के साथ रेप की कोशिश करने लगा तो महिला ने शोर मचा दिया। जिसके बाद आरोपी ने अपनी जेब में पड़ी कैंची से महिला का गला रेत दिया। इसके बाद आरोपी अपने कमरे में जाकर छिप गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

End of Article