Delhi Crime: मुखर्जी नगर में एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने युवती को मार दी गोली, स्‍पेशल स्‍टाफ ने ऐसे दबोचा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 22, 2022, 12:28 PM IST

Delhi Crime: मुखर्जी नगर में एक सनकी युवक ने एकतरफ प्‍यार में युवती को गोली मार दी। युवक युवती से संबंध बनाना चाहता था, लेकिन अब युवती ने इंकार कर दिया तो उसे बातचीत के लिए बहाने से बुलाकर सीने में दो गोली मार दी।

Delhi Crime: मुखर्जी नगर में एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने युवती को मार दी गोली, स्‍पेशल स्‍टाफ ने ऐसे दबोचा
Photo Credit: Representative Image

Delhi Crime: राजधानी के मुखर्जी नगर इलाके में वीरवार शाम एक सनकी युवक ने युवती के इंकार से इतना नाराज हुआ की उसे गोली मार दी। इस एकतरफा प्यार में घायल युवती बलराम नगर की रहने वाली है। घटना के बाद से इलाके में हड़कम मच गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची दिल्‍ली पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए अपने स्‍पेशल स्‍टाफ को एक्टिव कर दिया, जिसने कुछ ही घंटे में आरोपी को दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पड़ोस में ही दीपक भाटी नाम का युवक रहता है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि, दोनों के बीच कुछ वर्ष पहले प्रेम संबंध था, लेकिन 2019 में दीपक की शादी हो गई तो उसने दूरी बना ली। लेकिन इसके बाद भी वह उसके पीछे पड़ा और उसके साथ संबंध बनाने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। पीड़ित ने बताया कि, इससे परेशान होकर उसने दीपक का मोबाइल नंबर ब्लाक कर दिया था और उससे मिलना जुलना भी पूरी तरह से बंद कर दिया था। जिस वजह से दीपक नाराज हो गया था।

बहाने से बुलाया और सीने में उतार दी दो गोली

पीड़ित द्वारा दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने बताया कि दीपक ने उसे बातचीत कर इस मामले को खत्‍म करने के लिए मुखर्जी नगर इलाके में स्थित बीबीएम डिपो के पास बुलाया था। वहां पर युवती के पहुंचने के बाद वह उसे बहाने से नाले के पास ले गया और उसके सीने में दो गोली मार दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। इस घटना के समय वहां पर बाढ़ विभाग के कर्मचारी नाले का जल स्तर माप रहे थे। उन्‍होंने तत्‍काल यह सूचना पुलिस को दी और घायल युवती को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां पर युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बाड़ा हिंदुराव अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, इस घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए स्पेशल स्टाफ को एक्टिव कर दिया गया। जिसके बाद इंस्पेक्टर अमित तिवारी की टीम ने हमलावर की तलाश शुरू की और उसके मोबाइल फोन लोकेशन के आधार पर कुछ ही घंटे में उसे विश्वास नगर इलाके से दबोच लिया।

End of Article