Delhi Crime News: दिल्ली में पिता बना बेटी का कातिल, चाय मिलने में देरी हुई तो कर दिया हमला, जानें पूरा मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 22, 2022, 07:13 PM IST

Delhi Police: दिल्ली में चाय मिलने पर देरी होने पर एक शख्स ने अपने ही परिवार पर हमला बोल दिया। इस घटना में छोटी बेटी की मौत हो गई है। बता दें कि, आरोपी नशे का आदी है। घटना के बाद से वह फरार है। उसे नशा मुक्ती केंद्र में भर्ती कराया गया था। इसके बावजूद वह नहीं सुधरा।

Delhi Crime News: दिल्ली में पिता बना बेटी का कातिल, चाय मिलने में देरी हुई तो कर दिया हमला, जानें पूरा मामला
Photo Credit: Representative Image

Delhi News: राजधानी दिल्ली के जौहरीपुरी इलाके से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। एक शख्स चाय मिलने में हुई देरी पर परिवार पर भड़क गया । उसने खिड़की का कांच तोड़कर अपनी पत्नी और बेटियों पर जानलेवा हमला कर दिया। बता दें कि, पेट में कांच लगने से सबसे छोटी बेटी अनु की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

बता दें कि, आरोपी की वजह से घर में कलह होती रहती थी। इसके बावजूद आरोपी की तीन लड़कियां अपना भविष्य सवांरने में जुटी रहती थीं। मृतका छोटी बेटी ने 12 वीं का एग्जाम दिया था। मृतका का नर्सिंग में दाखिला भी हो गया था। वह अब कॉलेज जाने की तैयारी कर रही थी।

यह था पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, शख्स ने जब पत्नी से चाय बनाने को कहा तो पत्नी ने कहा कि, वह नाश्ता बनाने के बाद चाय बना देगी। इतना सुनते ही आरोपी ने खिड़की का कांच तोड़ दिया और पत्नी को मारने दौड़ा। पत्नी ने शोर मचाया तो उसकी तीनों बेटियां मां को बचाने के लिए आईं। आरोपी शख्स ने सभी को बुरी तरह जख्मी कर दिया। इसके बाद सभी को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां  छोटी बेटी अनु (18) को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि पत्नी संगीता (42), बेटी काजल (23) और तनु (21) को इलाज के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया। इस घटना के बाद आरोपी शख्स मौके से फरार हो गया। बता दें कि, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के करावल नगर थाना पुलिस ने आरोपी भीमसेन (48) पर हत्या और कातिलाना हमले का केस दर्ज कर लिया है।

चाय बनाने को लेकर हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस पूरी घटना को लेकर कहा कि, संगीता सुबह 6:30 बजे नाश्ता तैयार कर रही थी। भीमसेन उठा और चाय बनाने को कहा। संगीता ने कहा कि, दूध नहीं है। बाद में चाय बना दुंगी। अभी पीना है तो दुकान से दूध ले आओ, तो वह भड़क गया और उसने पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर पड़ोसी दौड़कर आए तो आरोपी मौके से भाग गया। इसके बाद संगीता के भाई सन्नी और देवर राजेश को फोन कर पूरी मामले की जानकारी दी गई। उन्होंने आकर सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया।

नशे का आदी है आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बताया है कि, संगीता परिवार के साथ जौहरीपुरी की जैन कॉलोनी के गली नंबर - 8 में रहती है। पति भीमसेन शराब के नशे का आदी है और हर समय शराब नशे में रहता है। बताया गया है कि, वह कोई काम धंधा भी नहीं करता है। उसकी शराब की लत छुड़ाने के लिए उसे इस साल की शुरुआत में नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया गया था। इसका आरोपी पर कोई असर नहीं हुआ। वहां से वापस आने के बाद वह फिर से शराब पीने लगा।

End of Article