वैक्सीनेशन को लेकर दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, एक तिहाई टीकाकरण केंद्रों पर 24 घंटे लगेगी वैक्सीन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 5, 2021, 08:42 PM IST

Delhi Vaccination: दिल्ली सरकार ने अपने अस्पतालों में एक तिहाई टीकाकरण केंद्रों को अब 24 घंटे संचालित करने का निर्णय लिया है।

वैक्सीनेशन को लेकर दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, एक तिहाई टीकाकरण केंद्रों पर 24 घंटे लगेगी वैक्सीन

नई दिल्ली: कोविड-19 टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के मद्देनजर दिल्ली सरकार के अस्पतालों में एक तिहाई टीकाकरण केंद्रों को अब 24 घंटे संचालित करने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में टीकाकरण केंद्रों का संचालन सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक किया जा रहा है। एक आदेश के मुताबिक, 'कोविड-19 टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के मद्देनजर निर्णय लिया गया है कि टीकाकरण केंद्रों के संचालन समय में वृद्धि की जानी चाहिए। यह आदेश दिया जाता है कि छह अप्रैल 2021 से दिल्ली सरकार के अस्पतालों में संचालित एक तिहाई टीकाकरण केंद्र रात नौ बजे से सुबह नौ बजे के बीच भी संचालित किए जाएंगे।'

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'दिल्ली में अब आप किसी भी वक्त कोरोना वैक्सीन लगवा सकते हैं। पात्र लोग आगे आएं और वैक्सीन ज़रूर लगवाएं। दिल्ली में हम सुविधाओं की कोई कमी नहीं होने देंगे।'

इसके अलावा मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कोविड-19 टीकाकरण केंद्र स्थापित करने, उम्र संबंधी मानकों के लिए नियमों में छूट देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर नियम सरल किए जाएं, सबको टीकाकरण की अनुमति प्रदान की जाए तो हमारी सरकार तीन महीने के भीतर दिल्ली में सभी लोगों का टीकाकरण कर सकती है। देशभर में नए सिरे से कोरोना के बढ़ते संक्रमण ने नई चिंता और चुनौती पेश कर दी है, हमें टीकाकरण अभियान को और तेजी से आगे बढ़ाना होगा। 
 

End of Article