Delhi Crime News: मेट्रो की लिफ्ट में शिक्षक की शर्मनाक करतूत, फिर ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे, जानें पूरा मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 10, 2022, 06:53 PM IST

Delhi Crime : मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट में एक महिला छेड़छाड़ मामले में मेट्रो पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में स्थित एक स्कूल में शिक्षक है। पूछताछ में जानकारी सामने आई है कि, आरोपी पीड़िता को लंबे समय से फॉलो कर रहा था। पीड़िता के मुताबिक, वह उसके साथ पहले भी इस तरह की शर्मनाक हरकत कर चुका है।

Delhi Crime News:  मेट्रो की लिफ्ट में शिक्षक की शर्मनाक करतूत, फिर ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे, जानें पूरा मामला
Photo Credit: Representative Image

Delhi Crime: राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली मेट्रो दिनोंदिन महिलाओं के लिए असुरक्षित बनती जा रही हैं। मेट्रो स्टेशन हो या मेट्रो ट्रेन यहां महिलाएं छेड़छाड़ की शिकार हो रही हैं। हाल ही में एक वारदात दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन पर हुई है, जहां पर लिफ्ट में एक महिला टीचर के साथ छेड़छाड़ हुई। महिला टीचर ने इसका मामला पुलिस में दर्ज करवाया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया।

इस मामले को लेकर डीसीपी जितेंद्र मणि ने बताया कि, उन्हें आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन नियंत्रण केंद्र से सूचना मिली कि, स्टेशन पर एक महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई है। इसके बाद त्वरित कार्रवाई के तहत एक एएसआई संतोष कुमार सहित महिला कांस्टेबल प्रोनीता को मौके पर भेजा गया। वहां मेट्रो स्टेशन के कार्मिकों ने आरोपी को पहले से पकड़ रखा था। पुलिस ने पीड़ित शिक्षिका से मामले की जानकारी ली। मेट्रो डीसीपी के मुताबिक पुलिस ने मेट्रो स्टेशनों पर महिलाओं से होने वाले इस तरह के मामलों को लेकर पुलिस की कई टीमें अलग-अलग जगह पर तैनात कर रखी है। जिससे इन पर रोक लगाई जा सके व महिलाएं पुलिस की मौजूदगी देख खुद को सुरक्षित समझ सकें।

आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी

डीसीपी के मुताबिक, छेड़छाड़ की घटना की शिकार हुई महिला पेशे से दिल्ली के निजी स्कूल में शिक्षिका है। वह घटना के वक्त अपने किसी काम से जा रही थी। इस दौरान महिला को शक हुआ कि, कोई उसे फॉलो कर रहा है। इसके बाद वह शख्स शिक्षिका के पीछे-पीछे मेट्रो स्टेशन व उसके बाद पीड़िता के साथ लिफ्ट में चढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, बस यहीं से आरोपी ने महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस दौरान लिफ्ट में दोनों के अलावा कोई और नहीं था। आरोपी ने महिला को किसी को ना बताने को लेकर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के मुताबिक, वह उसके साथ पहले भी इस तरह की शर्मनाक हरकत कर चुका है, परंतु माफी मांग लेने के चलते उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। 

लगातार कर रहा था फॉलो

मेट्रो पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में स्थित एक स्कूल में शिक्षक है। पूछताछ में जानकारी सामने आई है कि, आरोपी पीड़िता को लंबे समय से फॉलो कर रहा था। आपको बता दें कि, इसी प्रकार गत माह जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर एक युवती छेड़छाड़ का शिकार हुई थी। उस घटना के आरोपी को पुलिस ने अब गिरफ्तार किया है।

End of Article