दिल्ली में नहीं थम रहा कोरोना से मौत का तांडव, 121 की गई जान, एक दिन में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 23, 2020, 06:39 AM IST

Delhi Coronavirus: रविवार को दिल्ली में कोरोना वायरस से 121 लोगों की मौत हो गई। ये एक दिन में मौत का दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले एक दिन में 131 मौतें हो चुकी है।

दिल्ली में नहीं थम रहा कोरोना से मौत का तांडव, 121 की गई जान, एक दिन में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली में रविवार को कोविड-19 के 6,746 नए मामले सामने आए और संक्रमण की दर 12.29 रही, वहीं संक्रमण से 121 और लोगों की मौत के बाद राजधानी में मृतक संख्या 8,391 पहुंच गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार शनिवार को दिल्ली में 54,893 नमूनों की जांच की गई जिनमें 23,433 आरटी-पीसीआर जांच शामिल हैं।

दिल्ली में अब तक एक दिन में संक्रमण के सर्वाधिक मामले 11 नवंबर को सामने आए थे जब 8,593 संक्रमितों का पता चला था। उस दिन 85 लोगों की संक्रमण से मृत्यु हो गई थी। रविवार को संक्रमण से मृत्यु के 121 मामले दर्ज किए गए। पिछले 11 दिन में पांचवीं बार एक दिन में मृत्यु के मामलों की संख्या 100 से अधिक है। रविवार को इलाज करा रहे संक्रमितों की संख्या 40,212 रही जबकि शनिवार को यह संख्या 39,741 थी।

बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 5,29,863 पहुंच गई है जिनमें से 4,81,260 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। दिल्ली में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या रविवार को 4,697 हो गयी जो शनिवार को 4,633 थी। रविवार के बुलेटिन के अनुसार कोविड अस्पतालों में कुल बिस्तरों की संख्या 17,365 है जिनमें से 7,947 खाली हैं।

End of Article