Jahangirpuri Violence : जहांगीरपुरी में जांच करने गई क्राइम ब्रांच पर ईंटें फेंकी, हिरासत में 1 व्यक्ति 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 18, 2022, 03:46 PM IST

जहांगीरपुरी में जांच करने गई दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच पर पथराव की घटना सामने आई है। क्राइम ब्रांच के लोगों पर यह पथराव सी ब्लाक में हुआ है। पुलिस का कहना है कि पत्थरबाजी की इस नई घटना में उसने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।   

Jahangirpuri Violence : जहांगीरपुरी में जांच करने गई क्राइम ब्रांच पर ईंटें फेंकी, हिरासत में 1 व्यक्ति 
Photo Credit: ANI

Jahangirpuri Violence : जहांगीरपुरी में जांच करने गई दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच पर ईंटें फेंके जाने की घटना सामने आई है। क्राइम ब्रांच के लोगों पर यह पथराव सोमवार को सी ब्लाक में हुआ। पुलिस का कहना है कि पत्थरबाजी की इस नई घटना में उसने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना के बाद घटनास्थल पर पुलिस एवं रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती कर दी गई है। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि पत्थरबाजी की ताजा घटना को मीडिया में बढ़ाचढ़कर पेश किया गया है। यह पत्थरबाजी की एक छोटी घटना था। मामले में कार्रवाई की जा रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। 

दिल्ली पुलिस के पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत में कहा कि हिंसा मामले में अभी 23 लोग गिरफ्तार हुए हैं, इसमें दोनों पक्ष के लोग शामिल  हैं। अभी जांच अभी शुरुआती चरण में  है। आगे और गिरफ्तारियां होगी।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच विस्तृत एवं निष्पक्ष होगी। इस मामले की जांच हर एक एंगल से की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी हमारी नजर है। अफवाह फैलाने लोगों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई जांच में सहयोग करना चाहता है कि वह पुलिस कंट्रोल रूम या वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर सकता है। 

Jahangirpuri Hinsa:अब तक 23 को पुलिस ने हिरासत में लिया, जानिए अभी तक के अहम अपडेट्स

दिल्ली के जहांगीर पुरी में शनिवार को हुई हिंसा में 8 पुलिसकर्मी भी घायल हुए। हिंसा के दौरान फायरिंग में घायल हुए एसआई मेदालाल ने TIMES NOW नवभारत से EXCLUSIVE बातचीत में बड़ी जानकारी दी। मेदालाल ने कहा कि मस्जिद के सामने बहस के बाद हिंसा हुई, छत से और सामने से पत्थरबाजी हो रही थी। कुछ दंगाइयों के हाथ में तलवार, कुछ के हाथ में डंडे थे। सी ब्लॉक की तरफ से 7-8 राउंड फायरिंग हुई।
 

End of Article