क्राइम

राधिका यादव के पिता को कौन मारता था ताने? दोस्त हिमांशिका सिंह राजपूत ने बताया

राधिका यादव की हत्या, उसी के पिता दीपक ने कर दी है। दीपक इस समय न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस जांच में जुटी है। दीपक ने राधिका यादव पर 5 गोलियां चलाईं थीं, जिसमें से 4 गोली राधिका को लगी थी।

Image

राधिका यादव की हत्या पर हो रहे रोज खुलासे (फोटो- PTI)

टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की मित्र होने का दावा करने वाली एक युवती ने आरोप लगाया है कि राधिका के पिता अपने तथाकथित दोस्तों के काफी दबाव में थे, जो उनकी बेटी की सफलता से ईर्ष्या करते थे और उन पर ‘‘उसके (राधिका) सहारे जीने’’ का ताना मारते थे। रविवार को ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट किए गए दूसरे वीडियो में, हिमांशिका सिंह राजपूत ने दावा किया कि वह राधिका को लगभग 10 सालों से जानती थीं और वह खुद को उनकी ‘‘सबसे अच्छी दोस्त’’ मानती हैं।

राधिका के दोस्त का दावा

पीटीआई के अनुसार उन्होंने दावा किया कि राधिका का परिवार अक्सर ‘‘सामाजिक दबाव’’ के आगे झुक जाता था। राजपूत ने यह भी दावा किया कि टेनिस खिलाड़ी के पिता अपने परिचितों के दबाव में थे जो अक्सर उनकी बेटी के बारे में बुरा-भला कहते थे। हिमांशिका ने वीडियो में कहा, ‘‘उसके (राधिका) पिता के तथाकथित दोस्त राधिका की सफलता से ईर्ष्या करते थे। वे उसे ताना मारते थे, ‘वह मेकअप करती है, छोटे कपड़े पहनती है, तुम उसके पैसों की बदौलत जिंदा हो’, ‘उससे धंधा करवाओ’ जैसी बातें। पुरुषों के अहंकार के कारण कितनी महिलाओं को अपनी जान गंवानी पड़ती है।’’

पुलिस ने क्या कहा

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि कोई भी ऐसे दावों वाले वीडियो जारी कर सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में आरोपी के खिलाफ हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं।’’

राधिका के परिवार पर लगाया आरोप

राजपूत ने कहा कि राधिका अपनी मौत से 10 दिन पहले ‘‘बेहद दुखी थी। वह पूरी तरह टूट चुकी थी और उसने हार मान ली थी। उसने अपने परिवार से यह भी कहा था कि वह उनके निर्देशों के अनुसार जीने को तैयार है।’’ यादव परिवार के बारे में जानकारी साझा करते हुए, राजपूत ने बताया कि परिवार बहुत ‘‘रूढ़िवादी’’ है और हमेशा इस बात को लेकर चिंतित रहता था कि समाज उन्हें कैसे देखता है। उन्होंने कहा, ‘‘राधिका को वीडियो और रील पोस्ट करना बहुत पसंद था, लेकिन आखिरकार, यह सब बंद हो गया। उनका परिवार अक्सर उन पर दबाव डालता था, कहता था, ‘लोग क्या कहेंगे?’ परिवार को लगभग हर चीज से दिक्कत थी और उन्होंने राधिका को वो सब करने से रोक दिया था जो उन्हें (राधिका) पसंद था।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article