क्राइम

Nagpur Violence: शुक्रवार को 14 लोग और हुए गिरफ्तार, 3 नए केस दर्ज; पढ़िए नागपुर हिंसा में अबतक क्या-क्या हुआ

Nagpur Violence: पुलिस ने हिंसा के मुख्य आरोपी एवं ‘माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी’ की शहर इकाई प्रमुख फहीम खान और पांच अन्य के खिलाफ राजद्रोह और सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। खान को 19 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और वह अब न्यायिक हिरासत में है।

Image

नागपुर में हुई हिंसा का एक दृश्य (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Nagpur Violence: महाराष्ट्र के नागपुर शहर में इस सप्ताह की शुरुआत में हुई हिंसा के सिलसिले में शुक्रवार को 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिससे इस मामले में अब तक पकड़े गए लोगों की कुल संख्या 105 हो गई है। पुलिस के अनुसार, नागपुर हिंसा के सिलसिले में 10 किशोर भी हिरासत में लिए गए हैं। उसने बताया कि हिंसा को लेकर तीन नयी प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं।

फिलहाल जारी है कर्फ्यू

नागपुर के पुलिस आयुक्त रवींद्र कुमार सिंघल ने कहा कि दंगों के सिलसिले में शहर के विभिन्न हिस्सों से 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दंगों के सिलसिले में तीन और प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि शहर के कुछ हिस्सों से कर्फ्यू हटाने का फैसला उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद लिया जाएगा। सिंघल ने हालात का जायजा लेने के लिए सिविल लाइंस स्थित पुलिस भवन में बैठक की।

अबतक क्या-क्या हुआ

नागपुर हिंसा के दौरान पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) स्तर के तीन अधिकारियों सहित 33 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। मुख्य आरोपी फहीम खान पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। वहीं नागपुर की एक स्थानीय अदालत ने यहां हुई हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार 17 लोगों को 22 मार्च यानी शनिवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अदालत ने आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजते समय ‘‘अपराध की गंभीरता’’ और ‘‘प्रथम दृष्टया उनके खिलाफ पुख्ता आरोप लगाए जाने’’ का हवाला दिया। आरोपियों को बृहस्पतिवार रात मजिस्ट्रेट मैमुना सुल्ताना के समक्ष पेश किया गया और पुलिस ने उनकी सात दिनों की हिरासत का अदालत से अनुरोध किया लेकिन अदालत ने केवल दो दिन की हिरासत को मंजूरी दी। इन लोगों को गणेशपेठ पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।

क्यों भड़की थी नागपुर में हिंसा

गत 17 मार्च को नागपुर के कई हिस्सों में उस समय बड़े पैमाने पर पथराव और आगजनी की खबरें आईं, जब यह अफवाह फैली कि छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कुरान की आयत लिखी एक चादर जलाई गई।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article