Balrampur Murder Case: बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र में हुई एक भयावह हत्या का पुलिस ने मात्र 24 घंटे में खुलासा कर दिया। इस मामले में सामने आया सच पूरे इलाके में सनसनी फैलाने वाला था। पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में पत्नी का प्रेमी और उसका एक साथी भी शामिल हैं। उनकी मदद से हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा और मृतक का मोबाइल बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की शाम ग्राम सिरसिहवा के निवासी चंद्रभान गौतम उर्फ मंगतू, रोज की तरह घर से खेत में सब्जी लेने गया था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो उसकी पत्नी पूनम उर्फ फूला ने गांव वालों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की। रातभर तलाश के बाद अगले दिन सुबह गांव के लोगों ने खेत में चंद्रभान का शव पड़ा होने की सूचना दी। शव पर गर्दन दबाने के स्पष्ट निशान पाए गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को जानकारी दी।
कौन था हत्या के पीछे?
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना पचपेड़वा में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल से मिले प्रारंभिक सबूतों, मोबाइल लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर शक पत्नी और उसके परिचितों की ओर गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी पूनम से कड़ी पूछताछ की। शुरुआत में उसने सवालों से बचने की कोशिश की, लेकिन जब इलेक्ट्रॉनिक प्रमाणों का सामना हुआ तो उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पूनम ने स्वीकार किया कि उसका प्रेम संबंध चंद्रभान के मौसेरे भाई चंदन पुत्र गुड्डू से था। 23 नवंबर को मृतक ने अपनी पत्नी और चंदन को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और दोनों को पीट दिया था।
बदले की आग में रची साजिश
यह घटना पूनम के मन में गहरे बदले की भावना जगा गई। इसके बाद पूनम ने चंदन और उसके साथी सूरज गौतम, निवासी गौराभारी, के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 24 नवंबर की शाम चंदन और सूरज ने चंद्रभान को बहला-फुसला कर सागौन के बाग में ले जाया। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर पीछे से गमछे का उपयोग कर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। रात में ही उन्होंने शव को खेत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने चंदन और सूरज को त्रिलोकपुर से और पूनम को उसके गांव सिरसिहवा से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल गमछा और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया। तीनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
