क्राइम

Suhas Shetty Murder: हिंदू कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या की जांच करेगी NIA, तलवार से हमला कर ले ली गई थी जान

कर्नाटक पुलिस ने तीन जून को शेट्टी हत्याकांड के मुख्य आरोपी को कथित तौर पर षडयंत्र रचने और शरण देने के आरोप में मंगलुरु निवासी अब्दुल रजाक (59) को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अबतक कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Image

सुहास शेट्टी की हत्या की जांच एनआईए करेगी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

कर्नाटक के मंगलुरु में पिछले महीने हमलावरों के एक समूह द्वारा हिंदू कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) करेगा। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने संघीय आतंकवाद रोधी एजेंसी से शेट्टी की ‘‘लक्षित हत्या’’ से संबंधित मामले की जांच करने को कहा है जिसका उद्देश्य ‘‘लोगों के मन में आतंक पैदा करना’’ था।

पीएफआई के हाथ होने का शक

सूत्रों ने इस संबंध में गृह मंत्रालय के पत्र का हवाला देते हुए कहा कि हत्या मामले में शामिल आरोपी कथित तौर पर प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के सदस्य हैं। उन्होंने गृह मंत्रालय के आदेश के हवाले से बताया कि अपराध की गंभीरता, इसके राष्ट्रीय प्रभाव तथा बड़ी साजिश का पता लगाने की आवश्यकता के कारण एनआईए जांच आवश्यक है। एक सूत्र ने बताया, ‘‘एनआईए को मामले की जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से आदेश प्राप्त हुआ है। मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।’’

एक मई को हुई थी हत्या

शेट्टी की हत्या एक मई को मंगलुरु के बाहरी इलाके बाजपे के किन्नीपदावु में कर दी गई थी। घटना के समय वह अपने साथियों के साथ एक वाहन में सवार था, तभी एक कार और एक पिकअप वाहन में सवार होकर आए पांच-छह हमलावरों ने उसे रोक लिया। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने शेट्टी पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई। तस्वीरों से जानकारी मिली कि हमलावरों ने शेट्टी पर दाव (धारधार हथियार)और तलवारों से हमला किया था।

कर्नाटक पुलिस ने 16 को किया है गिरफ्तार

कर्नाटक पुलिस ने तीन जून को शेट्टी हत्याकांड के मुख्य आरोपी को कथित तौर पर षडयंत्र रचने और शरण देने के आरोप में मंगलुरु निवासी अब्दुल रजाक (59) को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अबतक कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, रजाक मुख्य आरोपियों में से एक मोहम्मद मुजम्मिल का पिता है और मामले के एक अन्य संदिग्ध नौसाद वामनजूर उर्फ छोटे नौसाद का ससुर है।

भाषा की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article