एनआईए ने वांटेड आतंकी गोल्डी बराड़ की सूचना देने वालों को 10 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। गोल्ड़ी बराड़ के साथ-साथ उसके एक और साथी पर एनआईए ने 10 लाख रुपये का इनाम रखा है। गोल्डी बराड़ को लेकर शक है कि वो कनाडा में छिपा है।
गोल्डी बराड़ पर इनाम क्यों
बुधवार को चंडीगढ़ में “जबरन वसूली और गोलीबारी” मामले में वांछित एवं कनाडा में रह रहे आतंकवादी गोल्डी बराड़ तथा एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना साझा करने वाले व्यक्तियों को 10-10 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की। जांच एजेंसी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों आरोपी इस साल आठ मार्च को जबरन वसूली के लिए एक व्यापारी के घर पर गोलीबारी करने के मामले में वांछित हैं।
गोल्डी बराड़ का दूसरा साथी कौन
पीटीआई के अनुसार पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब शहर के आदेश नगर निवासी शमशेर सिंह के पुत्र सतविंदर सिंह उर्फ सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ और पंजाब के ही राजपुरा स्थित बाबा दीप सिंह कालोनी निवासी सुखजिंदर सिंह के पुत्र गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों उर्फ गोल्डी राजपुरा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, गैरकानूनी गतिविधियां (निरोधक) अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कैसे दें एनआईए को सूचना
एनआईए की ओर से कहा गया है कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। इस संबंध में सूचना एनआईए के मुख्यालय के टेलीफोन नंबर पर या ईमेल, व्हाट्सऐप अथवा टेलीग्राम ऐप के जरिये दी जा सकती है।
