क्राइम

12 साल की बच्ची से 3 महीने में 200 बार दुष्कर्म, परीक्षा में फेल होकर घर से भागी थी लड़की; पुलिस ने बचाई जान

Mumbai Crime: मुंबई से सटे वसई से मानव तस्करी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। बता दें, पुलिस ने एक एनजीओ की मदद से वसई के नायगांव में एक 12 साल की बांग्लादेशी लड़की को सेक्स ट्रैफिकिंग रैकेट से बचाया।

Image

पुलिस ने वसई से 12 साल की बच्ची को बचाया

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai Crime: मुंबई से सटे वसई इलाके से मानव तस्करी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आ रहा है। मीरा भयंदर, वसई-विरार पुलिस कमिश्नरेट ने एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। 26 जुलाई को, अनैतिक मानव तस्करी रोकथाम विभाग ने एक एनजीओ की मदद से वसई के नायगांव में एक 12 साल की बांग्लादेशी लड़की को सेक्स ट्रैफिकिंग रैकेट से बचाया। इस बीच, रेस्क्यू होते ही उसने अपने साथ हुई घटना की विस्तृत जानकारी दी। मीरा-भायंदर के मानव तस्करी निरोधक दस्ते, वसई-विरार पुलिस और एक्सोडस रोड इंडिया फाउंडेशन व हार्मनी फाउंडेशन ने 26 जुलाई को यह कार्रवाई की। इस मामले में अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आगे की जांच जारी है। इस नाबालिग पीड़िता द्वारा एनजीओ को दिए गए बयान में चौंकाने वाला सच सामने आया कि महज तीन महीने में 200 से ज़्यादा पुरुषों ने उसका यौन शोषण किया है।

एक्सोडस रोड इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष श्याम कांबले द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पीड़िता एक स्कूली छात्रा है। वह एक विषय में फेल हो गई थी, उस समय उसने इस डर से घर छोड़ दिया था कि उसके माता-पिता उसे मारेंगे या उस पर चिल्लाएंगे। उसकी एक परिचित महिला उसे पहले कोलकाता ले आई। वहां उसके फर्जी दस्तावेज बनवाए गए। फिर उसे गुजरात के नाडियाड लाया गया, जहां एक बूढ़े व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया, उसकी अश्लील तस्वीरें लीं और फिर उसे ब्लैकमेल करके वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किया।

9 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

श्याम कांबले ने आगे बताया कि उसे मुंबई लाया गया। उसके बाद, उसके साथ कई जगहों पर बलात्कार किया गया। वेश्यावृत्ति के दरिंदों ने उस मासूम बच्ची से, जो अभी किशोरावस्था में भी नहीं पहुंची थी, उसका बचपन छीन लिया। एनजीओ और पुलिस के बचाव के बाद, पीड़ित बच्ची को उल्हासनगर स्थित बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। वहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है। नायगांव पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं और सात पुरुष हैं। एनजीओ ने मांग की है कि इस मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article