क्राइम

Delhi: अवैध संबंध के शक में फूटा पति का गुस्सा, पत्नी के यार को लाठी से मारकर उतारा मौत के घाट

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में एक व्यक्ति ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी के दोस्त की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लाठी से हमला कर युवक की जान ले ली और मौके से फरार हो गया। घटना का शव एक मकान की छत पर खून से सना हुआ पाया गया।

Man Accused of Killing Wife Friend Over Suspected Affair in Delhi

दिल्ली में अवैध संबंध के शक में खौफनाक वारदात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी के 28 वर्षीय दोस्त की कथित तौर पर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लाठी से हमला कर युवक की जान ले ली। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान रवि के रूप में हुई है, जिसका शव एक मकान की छत पर मिला। उसके सिर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला रविवार सुबह तब उजागर हुआ जब एक महिला ने अपने पति गौरी शंकर यादव पर आरोप लगाया कि उसने रवि को पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि यह वारदात सात फरवरी की रात को हुई, जो यादव के सूरत से दिल्ली लौटने के एक दिन बाद की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

पत्नी ने क्या बताया?

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया की मूल निवासी यादव की 35 वर्षीय पत्नी ने बयान में कहा कि रवि उसका करीबी मित्र था, जिसने कठिन दौर में उसका साथ दिया। महिला ने बताया कि करीब दस महीने पहले, जब उसका पति बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती था, तब रवि ने उसकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में लगातार मदद की।

खाने-पीने का स्टॉल शुरू किया

महिला के बयान के मुताबिक, स्वस्थ होने के बाद यादव रोजगार के सिलसिले में सूरत चला गया, लेकिन लगभग दो माह बाद उसने घर पैसे भेजने बंद कर दिए। इसके चलते परिवार को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि रवि की सहायता से महिला ने अपने बच्चों की देखभाल और खर्च चलाने के लिए गोकुलपुरी इलाके में एक खाने-पीने का स्टॉल शुरू किया था।

संबंधों को लेकर हुआ विवाद

महिला ने अपने बयान में बताया कि करीब एक माह पहले रवि ने उसी क्षेत्र में एक कमरा किराये पर दिलाने में उसकी मदद की थी, जहां वह अपने बच्चों के साथ रहने लगी और रवि भी वहीं ठहरता था। पुलिस के अनुसार, छह फरवरी को यादव सूरत से दिल्ली वापस आया और उसने रवि के घर में रहने तथा महिला के साथ उसके संबंधों को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

खून से सना हुआ पाया गया शव

पुलिस ने बताया कि सात फरवरी की रात इसी मुद्दे पर फिर से कहासुनी हुई, जिसके बाद महिला ने रवि से छत पर सोने को कहा। कुछ समय बाद यादव भी अपना बिस्तर लेकर छत पर पहुंचा और सीढ़ियों के पास टहलते हुए तथा खिड़की से कमरे के अंदर झांकते हुए देखा गया। पुलिस के मुताबिक, अगली सुबह जब महिला छत पर गई तो उसने रवि का शव खून से सना हुआ पाया। शव के पास ही खून लगा एक मोटा लकड़ी का डंडा दो हिस्सों में टूटा हुआ पड़ा था। रवि को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

(इनपुट - भाषा)

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article