क्राइम

बेटी से की छेड़खानी, तो गुस्साए पिता ने दो युवकों को उतारा मौत के घाट

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 4, 2023, 10:07 AM IST

Madhya Pradesh Crime: बेटी से छेड़छाड़ करने पर पिता ने दो युवकों की हत्या कर दी। ये वारदात मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले की है। जहां मेहरबान सिंह नाम के एक व्यक्ति ने अपनी बेटी को परेशान करने वालों को मार डाला। उसका कहना है कि ये दोनों युवक उसकी बेटी से छेड़छाड़ किया करते थे।

Image

सांकेतिक तस्वीर।

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसे परेशान करने वाले दो युवकों की हत्या कर दी। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को दी। अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित कानड़ थानांतर्गत ग्राम बटावदा के निकट पुलिस ने खेत में बने मकान से 20 वर्ष से 22 वर्ष के दो युवकों के शव बरामद किए।

बेटी को छेड़ने वालों की पिता ने की हत्या

आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया, 'पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कानड़ थाना पुलिस ने बटावदा जोड़ के निकट मेहरबान सिंह के खेत में बने मकान से बोरों में बंधे दो युवकों के शव बरामद किए हैं, जो छुपाने की नीयत से रखे गए थे।' उन्होंने कहा कि इस मामले में जब मेहरबान सिंह से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि ये युवक उसकी बेटी को परेशान करते थे और उससे छेड़छाड़ किया करते थे।

लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की, हुई मौत

कोरी के अनुसार, आरोपी ने बताया कि उसने शनिवार रात जीप से युवकों की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया, जिसके बाद वह दोनों को अपने वाहन में डालकर अपने खेत लाया और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की और संभवत: इसी से दोनों की मौत हो गई। कोरी ने बताया कि दोनों मृतक देवास जिले के बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मेहरबान सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है कि इस घटना में उसके साथ कोई और भी सहयोगी था या नहीं।

End of Article