Kanjhawala case update: दिल्ली के कंझावला एक्सीडेंट मौत मामले की जांच दिल्ली पुलिस की विशेष सीपी शालिनी सिंह (Delhi Police Special CP) कर रही हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने आदेश जारी कर शालिनी सिंह को इस मामले का जांच अधिकारी बनाया है, साथ ही कंझावला कांड पर जल्द से जल्द रिपोर्ट भी तलब की है, गौर हो इस कांड के बाद से लोग भारी आक्रोश में हैं।
1996 बैच की सीनियर आईपीएस अधिकारी शालिनी सिंह (IPS Shalini Singh) को मामले की जांच सौंपी गई है, शालिनी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में तैनात रही हैं और अंडमान-निकोबार और पुडुचेरी में अहम पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं।
अब कंझावाला केस में आईपीएस शालिनी सिंह इस केस की जांच करेंगी और एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगी, शालिनी सिंह की कार्यशैली औरों से जुदा है और उन्होंने पहले भी कई जटिल और उलझे हुए केसों को सॉल्व किया है।
तेजतर्रार IPS अफसर शालिनी सिंह ने सुलझाए हैं कई मामले
IPS अफसर शालिनी सिंह फिलहाल दिल्ली पुलिस में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की स्पेशल कमिश्नर हैं। शालिनी सिंह जब ज्वाइंट सीपी वेस्टर्न रेंज के पद पर थीं तो उसी दौरान उन्होंने किसान आंदोलन से निपटने के लिए खास रणनीति बनाई थी जिसकी खासी सराहना भी हुई थी। वहीं शालिनी सिंह ने साल 2004 में लेफ्टिनेंट जनरल हरनाम सिंह और उनकी पत्नी की डबल मर्डर की गुत्थी को भी सफलतापूर्वक सुलझाया था और सभी आरोपियों को नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया था। वहीं दिल्ली के खयाला इलाके में जब सांप्रदायिक तनाव फैलने वाला था उसे भी उन्होंने बेहद धैर्य के साथ निपटाया था।
शालिनी सिंह के पति भी हैं IPS
गौर हो कि उनके पति अनिल शुक्ला भी IPS ऑफिसर हैं, कुछ माह पहले नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी में तैनात रहे वो मुंबई के मशहूर एंटीलिया केस की जिम्मेदारी देख रहे थे।
दिल्ली पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं
दिल्ली के सुर्खियों में बने हुए कंझावला केस में दिल्ली पुलिस के हाथ कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं, गुत्थी सुलझाने में लगी दिल्ली पुलिस की टीम अब तक करीब 20 से ज्यादा CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले चुकी है, वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है जिसमें ये साफ होगा कि क्या मृतका के साथ रेप भी हुआ था? फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस को लोगों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।
