क्राइम

'पैर पर रखा हाथ, टी-शर्ट भी फाड़ी और कहा- मुझे खुश रखो, मैं तुम्हें रखूंगा'...मंत्री की 'छेड़खानी' की शिकार महिला की आपबीती

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jan 1, 2023, 01:58 PM IST

पीड़िता के मुताबिक, संदीप सिंह ने उनका शारीरिक और मानसिक तौर पर शोषण किया। शुरुआत में तो मैंने उन्हें नजरअंदाज करने की कोशिश की, मगर वह लगातार मेरा शोषण करते रहे। मुझे उम्मीद है कि उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : iStock

यौन उत्पीड़न के आरोपों और एफआईआर के बाद संदीप सिंह ने हरियाणा के खेल मंत्री का पद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को हैंडओवर कर दिया है। अपनी सफाई में उन्होंने कहा है कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं और उनकी छवि खराब करने के मकसद से लगाए गए हैं। हालांकि, कथित तौर पर उनकी छेड़खानी का शिकार हुई महिला ने दावा किया है कि उन्होंने दोनों मोर्चों पर उसका शोषण किया। फिर चाहे वह शारीरिक हो या मानसिक। आपबीती में उसने बताया- उन्होंने अपना पैर मेरे पैर पर रख दिया था। बाद में मेरी टी-शर्ट भी फाड़ दी थी। साथ ही कहा था कि तुम मुझे खुश रखो और मैं तुम्हें खुश रखूंगा।

औरत का था कि सिंह ने पहले उसे एक जिम में देखा। फिर इंस्टाग्राम पर उससे संपर्क साधा। कुरुक्षेत्र में पिहोवा के विधायक सिंह ने मिलने की जिद की थी। बकौल पीड़िता, “उन्होंने मुझे इंस्टाग्राम पर मैसेज किया था। कहा था कि मेरा राष्ट्रीय खेल प्रमाण-पत्र पेडिंग है और इसे लेकर वह मिलना चाहते हैं। दुर्भाग्य से फेडरेशन ने मेरा प्रमाणपत्र खो दिया है और मैं इस बाबत अधिकारियों से संपर्क में हूं।”

शिकायत के अनुसार, वह कुछ दस्तावेजों के साथ सिंह के घर गई तो उन्होंने वहां छेड़छाड़ की। आरोप है, “वह मुझे अपने घर के कैबिन में ले गए। मेरे डॉक्यूमेंट्स एक मेज पर रख दिए और अपना हाथ मेरे पैर पर रख दिया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने मुझे पहली बार देखा तब से पसंद करने लगे थे। उन्होंने कहा तुम मुझे खुश रखो और मैं तुम्हें खुश रखूंगा। मैंने उनका हाथ हटा दिया था। बाद में उन्होंने मेरी टी-शर्ट भी फाड़ दी। मैं चीख- चीखकर मदद मांगने लगी। उनका पूरा स्टाफ वहां था, लेकिन किसी ने मेरी मदद नहीं की।”

पुलिस के मुताबिक, “महिला की शिकायत के आधार पर चंडीगढ़ के सेक्टर 26 थाने में दिनांक 31 दिसंबर, 2022 को भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354ए, 354बी, 342, 506 के तहत मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच जारी है।” राज्य की एक जूनियर एथलेटिक्स कोच ने बृहस्पतिवार को मंत्री पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे और एक दिन बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

चंडीगढ़ पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न और बंधक बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया। वह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हैं। 36 साल के सिंह के खिलाफ शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। हालांकि, मंत्री ने आरोप को निराधार बताते हुए खारिज किया है और स्वतंत्र जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, “मैं एक स्वतंत्र जांच चाहता हूं। हम भी इसकी जांच कराएंगे क्योंकि मेरी छवि खराब की गई है।”

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article