गोरखपुर में जमीन विवाद जानलेवा बना (प्रतीकात्मक तस्वीर: Canva)
Gorakhpur News: गोरखपुर जिले के चौरी चौरा थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे जमीनी विवाद के दौरान हुई झड़प में एक युवक की कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचलने के कारण मौत हो गई, जबकि उसकी पिता और दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह विवाद गुरुवार को तब हिंसक रूप ले गया, जब मृतक पक्ष ने विवादित खेत पर कब्जा करने के विरोध में प्रतिद्वंद्वी पक्ष के प्रयास को रोकने की कोशिश की। घटना में जान गंवाने वाले युवक की पहचान जंगल मठिया गांव के विपिन पासवान (32) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, विपिन के पिता गोपाल पासवान (65) और उसके दो भाई इस घटना में घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो को एम्स, गोरखपुर में भर्ती किया गया है, जबकि तीसरे का इलाज चौरी-चौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। पुलिस ने बताया कि विपिन के शव का पोस्टमार्टम बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। उत्तर जिला पुलिस के अधीक्षक ज्ञानेंद्र ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हमले में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा, विपिन की भाभी की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, यह विवाद गगड़ा गांव में रोशन सिंह और गोपाल पासवान के बीच 18 कट्ठा जमीन को लेकर चल रहा है। पासवान ने लगभग 17 साल पहले यह जमीन खरीदी थी, लेकिन बाद में सिंह ने आधी जमीन अपने नाम करवा ली थी और यह मामला अब भी अदालत में लंबित है। पुलिस ने बताया कि जब रोशन सिंह का परिवार कथित तौर पर धान की कटाई के लिए खेत में गया, तो तनाव बढ़ गया। गोपाल पासवान और उनके बेटों ने इसका विरोध किया, जिससे उनके बीच तीखी बहस हुई। इसी दौरान, आरोप है कि सिंह ने ट्रैक्टर चलाकर उन पर हमला किया, जिससे विपिन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
(इनपुट - भाषा)