क्राइम

नशेड़ी बेटे की करतूत, 20 रुपये देने से इनकार करने पर मां को कुल्हाड़ी से काट डाला

हरियाणा के नूंह में एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां को सिर्फ इसलिए कुल्हाड़ी से काट डाला, क्योंकि उसने नशे के लिए 20 रुपये देने से मना कर दिया।

Image

नूंह में मां ने की बेटे की हत्या (फाइल फोटो- PTI)

हरियाणा के नूंह जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की लत में डूबे एक युवक ने महज 20 रुपये के लिए अपनी मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। यह वीभत्स घटना शनिवार देर रात नूंह के जयसिंहपुर गांव में हुई। आरोपी युवक, जिसका नाम जमशेद है, हत्या के बाद पूरी रात अपनी मां की लाश के साथ उसी घर में सोता रहा।

क्या हुआ उस रात?

पुलिस के अनुसार, 56 वर्षीय रजिया के बेटे जमशेद ने नशा करने के लिए उनसे 20 रुपये मांगे थे। जब रजिया ने पैसे देने से मना कर दिया, तो वह बुरी तरह गुस्से में आ गया। नशे की लत में बेकाबू होकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से अपनी मां पर वार कर दिया। कई वार झेलने के बाद रजिया की मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश भी नहीं की। वह पूरी रात शव के पास उसी घर में सोया रहा। सुबह जब पड़ोसियों को शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी है।

नशे की गिरफ्त में एक और परिवार तबाह

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जमशेद लंबे समय से गांजा और अफीम का सेवन करता था। उसकी मां रजिया उससे परेशान थीं और अक्सर उसे नशा छोड़ने की सलाह देती थीं। परिवार पहले ही दुख में डूबा था, क्योंकि रजिया के पति मुबारक की चार महीने पहले ही मृत्यु हो चुकी थी।

अब इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को तबाह कर दिया, बल्कि एक बार फिर गांव-देहात में बढ़ती नशे की समस्या पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और रजिया के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ जारी है और जल्द ही चार्जशीट तैयार की जाएगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article