गुजरात के नडियाद में एक बीएसएफ जवान को सिर्फ इसलिए पीट-पीट कर मार दिया गया क्योंकि वो अपनी बेटी के गंदे वीडियो को लेकर आरोपी को समझाने गया था। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
साथ पढ़ती थी बेटी
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी लड़का और बीएसएफ जवान की बेटी साथ पढ़ती थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर दोनों के बीच संबंध स्थापित हो गए। लड़के की उम्र 15 साल है और लड़की भी नाबालिग ही है। संबंध के दौरान लड़के ने वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया।
छट्टी पर आया था गांव
वीडियो वायरल होने के बाद बीएसएफ जवान छुट्टी पर घर आया हुआ था, उसे वीडियो की जानकारी हुई तो वो आरोपी को समझाने के लिए उसके गांव पहुंच गया। वहां पहुंचकर उसने वीडियो के बारे में आरोपी के परिजनों से बात की और लड़के की शिकायत की। इसके बाद आरोपी के परिजन उल्टे जवान पर ही भड़क गए और आरोप लगाने लगे।
पीट-पीट कर मार डाला
इसके बाद विवाद बढ़ा और आरोपियों ने बीएसएफ जवान पर हमला बोल दिया। उसकी पिटाई करने लगे। आरोपियों ने जवान को इतना मारा कि उसने वहीं दम तोड़ दिया। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि घटना शनिवार रात की है। जवान अपनी पत्नी, दो बेटों और भांजे के साथ लड़के के घर गया था। वहां आरोपी के परिवार के सदस्यों ने उसके साथ गाली- गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन्होंने, उनके परिवार पर हमला कर दिया।
