क्राइम

बिहार: ऐक्सिस बैंक में दिनदहाड़े 28 लाख रुपये की लूट, ग्राहक बनकर आए थे 4 लुटेरे, दो बाहर करते रहे इंतजार

छह आरोपी दो मोटरसाइकिल पर आए थे। उनके मुताबिक, दो आरोपी बाहर सड़क पर खड़े थे और बाकी चार आरोपियों ने बैंक के भीतर जाकर लूट की घटना को अंजाम दिया

Image

बिहार में बैंक में लूट

Bank Robbery in Bihar: शेखपुरा जिले की ऐक्सिस बैंक की एक शाखा में छह लोगों ने सोमवार को दिनदहाड़े 28 लाख रुपये की लूट की। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी के मुताबिक, लूट की यह वारदात जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर स्थित बैंक की बरबीघा शाखा में हुई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई है और फॉरेंसिक टीम के साथ-साथ पुलिस की विशेष तकनीकी टीम की भी सहायता ली जा रही है।

6 आरोपियों ने दिया अंजाम

एसपी ने बताया कि छह आरोपी दो मोटरसाइकिल पर आए थे। उनके मुताबिक, दो आरोपी बाहर सड़क पर खड़े थे और बाकी चार आरोपियों ने बैंक के भीतर जाकर लूट की घटना को अंजाम दिया और लूट के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 82 के जरिए फरार हो गए। उन्होंने बताया कि लुटेरों की धड़-पकड़ के लिए जिले की सीमा को सील कर दिया गया है तथा पड़ोसी पटना, नालंदा और लखीसराय जिलों की पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई है।

28 लाख रुपये लूटे

ऐक्सिस बैंक की बरबीघा शाखा के प्रबंधक अभिषेक शर्मा ने बताया सुबह 10 बजे बैंक खुलते ही चार युवक ग्राहक बनकर आए और पिस्तौल का डर दिखाकर सभी कर्मियों को एक कमरे में बंद करके 28 लाख रुपये लूट लिए। उन्होंने बताया कि बाद में एक महिला ग्राहक द्वारा शोर मचाने के बाद आसपास के लोग जुटे और कमरे में बंद बैंक कर्मियों को बाहर निकाला।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article