Bhagalpur News: भागलपुर के टीएनबी कॉलेज (TNB College) में छात्रों के दो गुट भिड़ गए। इस दौरान दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुछ छात्रों के घायल होने की भी खबर है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
4 छात्र घायल
मिली जानकारी के अनुसार टीएनबी कॉलेज में बीए पार्ट वन के फॉर्म भरने के दौरान छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें चार छात्र घायल हुए हैं। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस प्रकार से दोनों गुट के लड़के आपस में जमकर मारपीट कर रहे हैं।
क्यों हुआ झगड़ा
दरअसल टीएनबी कॉलेज में बीए पार्ट वन का फॉर्म भरा जा रहा था और काउंटर पर काफी भीड़ लगी हुई थी। इसी क्रम में मिर्जाचौकी के रहने वाले छात्र राजू दुबे और ईस्ट ब्लॉक हॉस्टल के छात्रों में गाली गलौज शुरू हो गई। जिसके बाद ईस्ट ब्लॉक के छात्र काफी संख्या में काउंटर के पास पहुंच गए और राजू दुबे और कहलगांव के रहने वाले रोहन कुमार के साथ-साथ दो अन्य छात्र की जमकर पिटाई कर दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां चारों का इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
