Bengaluru Presidency College: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक कॉलेज के अंदर एक लड़की की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। लड़की की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। साथ ही हमलावर ने भी सुसाइड करने की कोशिश की है।
कहां का है मामला
घटना सोमवार की है। जब बेंगलुरु प्रेसीडेंसी कॉलेज में एक 19 वर्षीय लड़की की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमले के बाद हमलावर ने भी खुद की जान लेने की कोशिश की, हालांकि उसकी जान बच गई है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
लड़की को बचाने की कोशिश
मिली जानकारी के अनुसार हमले के बाद वहां मौजूद गार्ड्स ने लड़की को बचाने की जमकर कोशिश की। लड़की को तुरंत एंबुलेंस में बैठाकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाहरी था हमलावर
मृतका की पहचान लयस्मिथा के रूप में हुई है, जो बैंगलोर ग्रामीण स्थित कॉलेज की छात्रा थी, जबकि हमले के लिए जिम्मेदार लड़के का नाम पवन कल्याण है। आरोपी दूसरे संस्थान का छात्र था और लायस्मिथा को मारने के इरादे से ही यहां पहुंचा था। हत्या के तुरंत बाद आरोपी युवक ने खुद को भी चाकू मार लिया। जिससे वो भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्यार का मामला?
घटना को देखते हुए दावा किया जा रहा है कि यह प्यार का मामला है। कहा जा रहा है कि लड़की से हमलावर प्यार करता था, लेकिन लड़की उससे दूर रहना चाहती थी, इसलिए उसने लड़की को मार डाला। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारणों की जानकारी नहीं दी है।
