14 वर्षीय लड़के ने पबजी खेलने के बाद कर ली आत्महत्या, तीन दिन पहले ही डाउनलोड किया था गेम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 6, 2020, 09:52 PM IST

कोटा में एक 14 वर्षीय लड़के ने पबजी खेलने के बाद खुदकुशी कर ली। मृतक नौवीं कक्षा का छात्र था और उसके पिता सेना में कार्यरत हैं।

14 वर्षीय लड़के ने पबजी खेलने के बाद कर ली आत्महत्या, तीन दिन पहले ही डाउनलोड किया था गेम

कोटा: राजस्थान के कोटा में 14 वर्षीय किशोर ने देर रात तक पबजी खेलने के बाद शनिवार तड़के कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रेलवे कॉलोनी पुलिस थाने के प्रभारी हंसराज मीणा ने बताया कि किशोर नौवीं कक्षा का छात्र था और उसके पिता सेना में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह किशोर बेडरूम में बने रोशनदान के जंगले में लगे फंदे से लटका मिला।

3 दिन पहले डाउनलोड किया था

मीणा ने बताया कि किशोर के परिवार के मुताबिक उसने तीन दिन पहले ही अपनी मां के फोन पर पबजी गेम डाउनलोड किया था और लगातार उसपर खेल रहा था। उन्होंने बताया कि किशोर रात तीन बजे तक उस कमरे में पबजी खेल रहा था, जहां पर उसका भाई पढ़ाई कर रहा था। इसके बाद वह बगल के कमरे में सोने चला गया।

फंदे से लटका मिला शव

मीणा ने बताया कि सुबह वह रोशनदान के जंगले में लगे फंदे से लटका मिला। तुरंत किशोर को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों से उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि किशोर का परिवार मूल रूप से तमिलनाडु का है और यहां गांधी कॉलोनी में रहता है।
 

End of Article