नौसेना अधिकारी को अगवा कर मांगी 10 लाख की फिरौती, रकम न मिली तो कर दिया आग के हवाले

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 6, 2021, 09:41 PM IST

महाराष्‍ट्र के पालघर से रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक नौसेना अधिकारी को अगवा कर अपराधियों ने उन्‍हें जिंदा जला दिया। नौसेना अधिकारी आईएनएस कोयंबटूर पर कार्यरत थे।

नौसेना अधिकारी को अगवा कर मांगी 10 लाख की फिरौती, रकम न मिली तो कर दिया आग के हवाले

मुंबई : महाराष्‍ट्र से रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां नौसेना के एक अधिकारी की कुछ अज्ञात लोगों ने अपहरण के बाद जिंदा जलाकर हत्‍या कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने नौसेना अधिकारी को अगवा कर लिया था और उन्‍हें रिहा करने के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, लेकिन उनके घरवालों ने जब अपहर्ताओं को यह रकम नहीं दी तो उन्‍होंने नौसेना अधिकारी को आग के हवाले कर दिया।

यह घटना महाराष्‍ट्र के पालघर की बताई जा रही है। दिवंगत नौसेना अधिकारी की पहचान सूरज कुमार दूबे (27) के तौर पर की गई है, जो झारखंड में रांची के रहने वाले थे। वह तमिलनाडु में आईएनएस कोयंबटूर पर कार्यरत थे। बदमाशों ने उन्‍हें चेन्‍नई एयरपोर्ट के पास से अगवा किया था और इसके बाद पालघर में वेवाजी के जंगलों में ले गए थे। उन्‍होंने नौसेना अधिकारी को रिहा करने के बदले उनके परिवार से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।

जंगल में छोड़ गए थे अपराधी

पुलिस के मुताबिक, नौसेना अधिकारी के परिजनों ने जब अपराधियों को फिरौती की रकम नहीं दी तो अपराधियों ने उन्‍हें आग के हवाले कर दिया। इसके बाद वे उसे जंगल में छोड़कर भाग गए। पुलिस को पालघर के जंगलों में नौसेना अधिकारी बुरी तरह झुलसी अवस्‍था में मिले थे, जिसके बाद उन्‍हें दहानु के एक अस्‍पताल ले जाया गया। लेकिन वहां उनकी हालत बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उन्‍हें आईएनएस अश्विनी पर ले जाया गया।

हालांकि तमाम कोशिशों के बाद भी उन्‍हें बचाया नहीं जा सका और बुरी तरह घायल नौसेना अधिकारी ने शनिवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

End of Article