Punjab Crime News: पंजाब पंजाब के मनसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या एक मेडिकल स्टोर पर कर दी गई है। दरअसल परविंदर झोटा की खुलकर ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ खड़े थे, उन्हें बेनकाब करते थे, इसी को लेकर वो मंगलवार सुबह एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे और ड्रग्स बेचने को लेकर पूछताछ करने लगे। तभी मेडिकल स्टोर पर मौजूद एक शख्स ने पिस्टल निकाली और गोली चला दी।
अस्पताल में मौत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, परविंदर सिंह झोटा एक व्यक्ति को साथ लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचे थे, जिसने कथित तौर पर वहां से नशीली दवाएं खरीदी थीं। झोटा दुकान मालिक से दवा बेचने को लेकर सवाल-जवाब कर रहे थे और इस पूरी बहस का अपने मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। बहस के दौरान मेडिकल स्टोर मालिक ने अपनी पिस्तौल निकाल ली। परविंदर झोटा को वीडियो में यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि दुकानदार ने पिस्तौल निकाल ली है। इसके तुरंत बाद आरोपी ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिसकी पूरी घटना उनके फोन कैमरे में कैद हो गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए परविंदर सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ड्रग्स के खिलाफ अभियान चलाते थे परविंदर सिंह झोटा
परविंदर सिंह झोटा मानसा में लंबे समय से अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ सक्रिय अभियान चला रहे थे और इससे पहले भी कई केमिस्ट दुकानों द्वारा बेची जा रही प्रतिबंधित व नशीली दवाओं का पर्दाफाश कर चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी मेडिकल स्टोर मालिक की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने क्या कहा?
मानसा के SSP वैभव चौधरी ने कहा कि आरोपियों की 24 घंटे के अंदर पकड़ा जाएगा। इस घटना में दो अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हुए है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
