क्राइम

बिहार में 2 बहनों की हत्या, SIT करेगी जांच; हिरासत में लिए गए तीन संदिग्ध

बिहार के गोपालगंज में दो बहनों की हत्या के मामले में एसआईटी गठित कर दी गई है। संदिग्ध पाये जाने पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।

Image

फाइल फोटो

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में जुड़वां बहनों की हत्या के मामले में पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की है। इस मामले में पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दरअसल, यह पूरा मामला जगदीशपुर गांव का है, जहां स्कूल से घर लौट रही जुड़वां बहनों की मुंह में मिट्टी डालकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि जगदीशपुर गांव के मन्नू सिंह की जुड़वां बेटियां ऋषि और ऋचिका (6) सोमवार को पास के ही नर्सरी स्कूल में पढ़ने के लिए गई थीं। जब दोनों देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं, तब परिजनों ने खोजबीन शुरू की। काफी खोजबीन के बाद रात में दोनों का शव गांव के ही एक सरसों के खेत से बरामद किया गया।

डॉग स्क्वायड-एफएसएल टीम गठित

गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने मामले की जांच के लिए एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया। एसआईटी मामले की जांच में जुट गई है। मंगलवार को घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम ने भी पहुंचकर मामले की जांच की।

एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि मृतक बच्चियों के परिवार का गांव के ही कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों बच्चियों के शव के मुंह से मिट्टी मिली है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article