क्राइम

13 साल के बच्चे ने दी थी दिल्ली से कनाडा जा रहे विमान को उड़ाने की धमकी, 12 घंटे से ज्यादा रोकनी पड़ी थी फ्लइट

Bomb threat In Flight: जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस ईमेल से फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी, उसे महज एक घंटे पहले ही बनाया गया था। ये मेल उत्तर प्रदेश के मेरठ से किया गया था। पुलिस ने मेरठ जाकर जब तफ्तीश शुरू की तो सामने आया कि ये मेल 13 वर्षीय एक बच्चे ने किया था।

Image

Flight

Bomb threat In Flight: बीते 4 जून की रात साढ़े 11 बजे दिल्ली पुलिस को एक ईमेल के जरिये दिल्ली से टोरंटो जा रही फ्लाइट में बम रखे जाने की धमकी दी गई थी। इसके चलते आनन-फानन में तमाम एजेंसिया हरकत में आ गयी और फ्लाइट को 12 घंटे से भी ज्यादा समय तक रोकना पड़ा था। अब इस मामले की जांच के दौरान एयरपोर्ट पुलिस ने एक 13 साल के बच्चे को पकड़ा है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस ईमेल से धमकी दी गयी थी उसे महज एक घंटे पहले ही बनाया गया था। ये मेल उत्तर प्रदेश के मेरठ से किया गया था। पुलिस ने मेरठ जाकर जब तफ्तीश शुरू की तो सामने आया कि ये मेल 13 वर्षीय एक बच्चे ने किया था।

मौज-मस्ती में किया था धमकी भरा मेल

पुलिस ने जब बच्चे से पूछताछ शुरू की तो उसने बताया कि उसको यह आइडिया टीवी देखकर आया। वो ये जानना चाहता था कि पुलिस उसके मेल को ट्रेस कर पायेगी या नहीं। इसके बाद उसने ये धमकी भरा ईमेल केवल मौज मस्ती में भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, बच्चे ने अपने फोन पर एक फर्जी आईडी बनाई और अपनी मां के फोन के जरिये इंटरनेट को इस्तेमाल किया और ये मेल भेज दिया। मेल भेजने के बाद उसने ये मेल डिलीट भी कर दिया। अगले दिन सुबह उसने टीवी पर देखा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर बम की कॉल चल रही है और वो ये देखकर डर गया। डर की वजह से उसने ये बात अपने घरवालों को नहीं बताई। पुलिस ने बच्चे का फोन जब्त कर लिया है और उसकी काउंसलिंग करवा रही है। बच्चे को जुविनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया गया।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article