बिजनेस

उत्तर प्रदेश में आएगी ग्रीन हाइड्रोजन क्रांति, जापानी कंपनियों ने दिए 10000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, चमकेगी यूपी की तकदीर!

Green Energy: मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी के नेतृत्व में जापान गए यूपी के प्रतिनिधिमंडल को जापानी कंपनियों से ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

Image

यूपी में ग्रीन हाइड्रोजन पर बंपर निवेश की तैयारी

Photo : iStock

Green Hydrogen : उत्तर प्रदेश में निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। इसी कड़ी में जापान के निवेशकों ने उत्तर प्रदेश के ग्रीन हाइड्रोजन और हरित ऊर्जा (Green Energy) के क्षेत्र में भारी-भरकम निवेश करने में गहरी रुचि दिखाई है। राज्य में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए जापान गए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल को विभिन्न जापानी कंपनियों की ओर से करीब 10,000 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। इस ऐतिहासिक पहल से यूपी में क्लीन एनर्जी के एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है।

जापान के यामानाशी प्रांत में आयोजित हुई हरित ऊर्जा समिट

जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश सरकार का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पिछले 19 अक्टूबर से जापान के दौरे पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल जापान के यामानाशी प्रांत में आयोजित 'हरित ऊर्जा समिट' (Green Energy Summit) में हिस्सा ले रहा है। गुरुवार को इस प्रतिनिधिमंडल ने जापान की कई दिग्गज और प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोलमेज सम्मेलन में भाग लिया। इस बैठक में तोशीबा, पांडा पावर, टी-शूबेम बीएचपी और मित्शुबिशी जैसी नामचीन जापानी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिन्होंने यूपी में ग्रीन हाइड्रोजन और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में प्रोजेक्ट लगाने को लेकर अपने प्रस्ताव पेश किए।

कैसे पड़ी इस निवेश की मजबूत नींव?

उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक संबंधों की यह मजबूत नींव कुछ महीने पहले ही रखी गई थी। इस साल 24-25 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान का दौरा किया था, जिसके दौरान ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र में निवेश लाने के रास्ते खुले थे। मुख्यमंत्री के उस दौरे के बाद, अगस्त के महीने में यामानाशी प्रांत के 200 से अधिक निवेशकों ने उत्तर प्रदेश का दौरा करके यहां की संभावनाओं का जायजा लिया था। अब उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए जापानी कंपनियों ने वित्तीय मोर्चे पर बड़े निवेश का खाका तैयार किया है।

नवंबर में जापानी निवेशकों का यूपी दौरा

जापान में आयोजित बैठकों के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने जापानी निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों को आधिकारिक तौर पर यूपी आने का न्यौता दिया है। प्रतिनिधिमंडल ने जापानी कंपनियों से आग्रह किया है कि वे आगामी नवंबर महीने में उत्तर प्रदेश का दौरा करें, ताकि यहां की जमीनी हकीकत, इंडस्ट्रियल पार्कों और नीतियों को नजदीक से देखा जा सके।

भूखंड आवंटन की प्रक्रिया होगी पूरी

जापानी निवेशकों ने उत्तर प्रदेश में हरित ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से कदम बढ़ाए हैं। इसके तहत निवेशक कंपनियां जल्द ही अपनी परियोजनाओं की स्थापना के लिए भूखंड आवंटन की प्रक्रिया को भी पूरा करेंगी, जिससे प्रोजेक्ट्स के निर्माण का काम जल्द शुरू हो सके।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख अधिकारी

जापान के इस महत्वपूर्ण दौरे पर गए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल में प्रशासनिक स्तर पर अवनीश अवस्थी (मुख्यमंत्री के सलाहकार), रणवीर प्रसाद (पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष), रवींद्र सिंह (यूपीनेडा के निदेशक), अमित सिंह (इवेस्ट यूपी के अधिकारी) वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जो लगातार जापानी निवेशकों के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं। इस बड़े निवेश के आने से न केवल उत्तर प्रदेश में हरित ऊर्जा और पर्यावरण-अनुकूल ईंधन (Green Hydrogen) के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article