IPL 2022, SRH vs RR Highlights: राजस्थान ने आईपीएल 2022 में किया 'रॉयल' आगाज, हैदराबाद के खिलाफ दर्ज की धमाकेदार जीत
IPL 2022, Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Highlights: राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (2022) में शानदार आगाज किया है।राजस्थान ने अपने पहले मैच सनराइजर्स हैदराबाद को धूल चटाई।
राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने आईपीएल 2022 में विजयी शुरुआत की है। राजस्थान ने मंगलवार को महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (एमसीएएस) में खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 61 रन से धमाकेदार जीत दर्ज की। आरआर ने 211 रन का विशाल टारगेट दिया था, जिसके बाद हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 149 रन ही जुटा सकी। एसआरएच के लिए सर्वाधिक रन एडेन मार्कराम रन बनाए। पांचवें नंबर पर उतरे मार्कराम ने 41 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत नाबाद 57 रन बनाए।
निराशाजनक शुरुआत से उबर नहीं पाई एसआरएच
लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने निराशाजनक आगाज किया और टीम अंत तक उबर नहीं सकी। एसआरएच ने अपने पांच विकेट महज 37 के स्कोर पर खो दिए। केन विलियमसन (2), राहुल त्रिपाठी (0), निकोलस पूरन (0), अभिषेक शर्मा (9) और अब्दुल (4) का बल्ला खामोश रहा। इसके बाद मार्कराम और रोमारियो शेफर्ड ने छठे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। यह पार्टनरशिप शेफर्ड के 16वें ओवर में आउट होने के बाद टूटी। उन्होंने 18 गेंदों में 24 रन बनाए। शेफर्ड ने दो छक्के उड़ाए। वहीं, मार्कराम ने सातवें विकेट के लिए वॉशिगंटन सुंदर के संग 55 रन जोड़े। सुंदर ने ताबड़तोड़ अंदाज में 14 गेंदों में 40 रन ठोके। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 2 छक्के जमाए। भुवनेश्वर तीन रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। राजस्थान की तरफ से युजवेंद्र चहल ने तीन ट्रेंट बोल्ट और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
सैमसन, पडिक्कल, बटलर का चला बल्ला
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली राजस्थान टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 210 का स्कोर खड़ा किया। जोस बटलर और यशस्वी जायासवाल ने राजस्थान को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। बटलर ने 28 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों के जरिए 35 रन की पारी खेली। वहीं, यशस्वी ने 16 गेंदों में 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 20 रन जुटाए। इसके बाद कप्तान संजू सैमसन ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। सैमसन ने 27 गेंदों में 55 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 3 चौके और 5 छक्के ठोके। पडिक्कल ने 29 गेंदों का सामना करने के बाद 41 रन जोड़े। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के मारे।
शिमरोन हेटमायर ने अंत में मचाया धमाल
इसके अलावा शिमरोन हेटमायर ने आखिर में अपना जलवा बिखेरा। उन्होंने युवा बल्लेबाज रियान पराग के संग पांचवें विकेट के लिए महज 19 गेंदों में 44 रन की पार्टनरशिप कर डाली। हेटमायर ने 13 गेंदों में 2 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 32 रन बनाए। पराग ने 9 गेंदें खेलीं और 2 चौकों के दम पर 12 रन जोड़े। दोनों अंतिम ओवर में आउट होकर पवेलियन लौटे। नाथन कूल्टर-नाइल एक रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद की ओर से तेज गेंदबाज उमरान मलिक और टी नटराजन ने दो-दो विकेट झटके। रोमारियो शेफर्ड और भुवनेश्वर कुमार ने एक-एक शिकार किया।
SRH vs RR, IPL 2022 Scorecard
एसआरएच और आरआर में किसका दबदबा?
हैदराबाद और राजस्थान की आईपीएल में कुल 15 बार भिड़ंत हुई है। इस दौरान लगभग कांटे की टक्कर देखने को मिली है। एसआरएच ने आठ और आरआर ने सात मुकाबलों में विजयी परचम फहराया है। पिछले साल दोनों टीमें दो बार टकराईं थी, जिसमें हैदराबाद ने 7 विकेट और राजस्थान ने 55 रन से मैच जीता था। दोनों टीमों के दरम्यान सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड सैमसन (567) के नाम दर्ज है।
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग-11
हैदराबाद: केन विलियमसन (कप्तान), अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), एडेन मार्करम, अब्दुल समद, वॉशिंगटन सुंदर, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन और उमरान मलिक।
राजस्थान: संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, नाथन कूल्टर-नाइल, युजवेंद्र चहल, ट्रेंट बोल्ट और प्रसिद्ध कृष्णा।
राजस्थान ने दर्ज की 61 रन से जीत
राजस्थान ने 61 रन से विशाल जीत दर्ज कर ली है। हैदराबाद की टीम 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 149 रन ही बना सकी। उसने इस दौरान सात विकेट गंवाए। मार्कराम 57 और भुवनेश्वर 3 रन बनाकर नाबाद रहे।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 149/7 (20 ओवर)
सुंदर 40 रन बनाकर आउट
हैदराबाद को सातवां झटका वॉशिंगटन सुंदर के तौर पर लगा है। सुंदर 40 रन बनाकर 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए। उन्हें बोल्ट ने हेटमायर के हाथों कैच कराया। सुंदर ने 14 गेंदों का सामना करने के बाद 5 चौके और 2 छक्के जड़े। मार्कराम 45 और भुवनेश्वर कुमार 1 के निजी स्कोर पर हैं।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 134/7 (19 ओवर)
हैदराबाद टीम की हार तय
हैदराबाद टीम की हार तय हो चुकी है, क्योंकि उसे 12 गेंदों में जीत के लिए 92 रन की जरूरत है। मार्कराम 44 और सुंदर 29 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 119/6 (18 ओवर)
नाथन कूल्टर-नाइल ने लुटाए 24 रन
नाथन कूल्टर-नाइल ने 17वें ओवर में 24 रन लुटाए और पारी का सबसे महंगा ओवर किया। यह सारे रन वॉशिंगटन सुंदर ने बनाए। उन्होंने एक छक्का और चार चौके जड़ने के अलावा दौड़कर 2 रन लिए।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 105/6 (17 ओवर)
चहल ने एक और विकेट अपने नाम किया
चहल ने एक और विकेट अपने नाम कर लिया है। उन्होंने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर शेफर्ड का शिकार किया। वह स्वीप करने कोशिश में थे पर स्पिन से बीट होने के कारण बोल्ड हो गए। उन्होंने 18 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 24 रन की पारी खेली। उन्होंने छठे विकेट के लिए मार्कराम के साथ 41 रन की साझेदारी की।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 81/6 (16 ओवर)
अश्विन ने अच्छा ओवर निकाला
अश्विन ने एक और अच्छा ओवर निकाला है। उन्होंने 15वें ओवर में 5 रन दिए। शेफर्ड ने तीन और मार्कराम ने दो रन बनाए। शेफर्ड 24 और मार्कराम 31 के निजी स्कोर पर हैं।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 77/5 (15 ओवर)
नाथन कूल्टर-नाइल ने दिए 17 रन
नाथन कूल्टर-नाइल ने 14वें ओवर में 17 रन खर्च डाले। शेफर्ड ने आखिरी दो गेंदों पर शानदार छक्के लगाए। इसके अलावा उन्होंने और मार्कराम ने दो रन दौड़र लिए। वहीं, एक रन लेग बाई का मिला।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 72/5 (14 ओवर)
युजवेंद्र चहल ने डाला महंगा ओवर
युजवेंद्र चहल ने हैदराबाद की पारी के दौरान अभी तक का सबसे महंगा ओवर डाला है। उन्होंने 13वें ओवर में 11 रन खर्च किए। मार्कराम ने एक चौका समेत 8 और शेफर्ड ने 3 रन बटोरे।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 55/5 (13 ओवर)
आर अश्विन ने किफायती ओवर फेंका
स्पिनर आर अश्विन ने 12वें ओवर में किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने पांच रन खर्च किए। शेफर्ड ने 2 और मार्कराम ने तीन रन जुटाए।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 44/5 (12 ओवर)
अब्दुल समद का बल्ला रहा खामोश
हैदराबाद ने एक और विकेट गंवा दिया है। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर अब्दुल समद को चहल ने अपना शिकार बना लिया है। चहल का बल्ला खामोश रहा और वह 6 गेंदों में रन बना पाए। उन्होंने डीप मिडविकेट की दिशा में छक्का मारने के चक्कर में रियान पराग को कैच थमा दिया।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 39/5 (11 ओवर)
10 ओवर का खेल हुआ पूरा
10 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और हैदराबाद की टीम लगातार मुश्किल में घिरती हुई जा रही है। मार्कराम ने 15 और समद ने 4 रन बना लिए हैं।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 36/4 (10 ओवर)
अभिषेक को चहल ने अपना शिकार बनाया
राजस्थान को अभिषेक शर्मा के तौर पर चौथी सफलता मिली है। उसलामी बल्लेबाज अभिषेक को लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपना शिकार बनाया। वह लॉन्ग ऑफ की दिशा में बड़ा शॉट जमाने की फिराक में थे और हेटमायर को कैच थमा बैठे। उन्होंने 19 गेंदों में 1 चौके के जरिए 9 रन बनाए। वहीं, मार्कराम 13 और अब्दुल समद 2 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 32/4 (9 ओवर)
अभिषेक शर्मा को मिसफील्डिंग का चौका
अभिषेक शर्मा को मिसफील्डिंग का चौका मिला है। उन्होंने आठवें ओवर की अंतिम गेंद को लॉन्ग ऑफ पर खेला मगर पराग बाउंड्री नहीं रोप पाए।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 28/3 (8 ओवर)
एडेन मार्कराम ने लगाया चौका
एडेन मार्कराम ने सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर अपने हाथ खोले। उन्होंने नाथन कुल्टर-नाइल के खिलाफ पुल किया और मिडविकेट की दिशा में चौका लगाया।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 21/3 (7 ओवर)
पावर प्ले में हैदराबाद की हालत खस्ता
पावर प्ले में हैदराबाद टीम की हालत खस्ता हो चुकी है। शुरुआती 6 ओवर के बाद एसआरएच 15 का आंकड़ा भी नहीं छू सकी है। अभिषेक शर्मा 3 और एडेन मार्कराम 4 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 14/3 (6 ओवर)
बोल्ट ने किया निकोलस पूरन का शिकार
ट्रेंट बोल्ड ने पांचवें की पांचवीं गेंद पर निकोलस पूरन का शिकार किया। पूरन स्टंप की लाइन में आई गेंद पर फ्लिक करना चाहते थे पर एलबीडब्ल्यू हो गए। उन्होंने 9 गेंदें खेलीं पर कोई रन नहीं बनाया।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 13/3 (5 ओवर)
राहुल त्रिपाठी का नहीं खुला खाता
हैदराबाद को दूसरा झटका राहुल त्रिपाठी के रूप में लगा है। विलियमसन के आउट होने पर बल्लेबाजी के लिए आए राहुल बिना खाता खोले ही आउट हो गए। उन्होंने 3 गेंदें खेलीं। राहुल को कृष्णा ने चौथे ओवर की पहली गेंद पर विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच कराया। कृष्णा का यह ओवर मेडन रहा।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 7/2 (4 ओवर)
ट्रेंट बोल्ड ने डाला किफायती ओवर
तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने तीसरे ओवर में किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने सिर्फ लेग बाई के चार रन दिए, जो पांचवीं गेंद पर आए। अभिषेक 1 रन बनाकर क्रीज पर हैं जबकि राहुल त्रिपाठी का खाता खुलना बाकी है।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 7/1 (3 ओवर)
केन विलियमसन सस्ते में लौटे पवेलियन
हैदराबाद ने निराशाजनक आगाज किया है। केन विलियमसन 7 गेंदों में महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। उन्होंने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना शिकार बनाया। विलियमसन लेंथ गेंद को डिफेंड करना चाहते थे पर गेंद बल्ले से लगकर विकेट के पीछे चल गई। विकेटकीपर सैमसन ने कैच पकड़ने की कोशिश की पर गेंद छिटग गई। हालांकि, स्लिप में खड़े पडिक्कल ने गेंद को पकड़ लिया।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 3/1 (2 ओवर)
लक्ष्य का पीछा करने आए विलियमसन-अभिषेक
सनराइजर्स हैदराबाद की पारी का आगाज हो चुका है। लक्ष्य का पीछा करने के लिए कप्तान केन विलियमसन और अभिषेक शर्मा आए हैं। राजस्थान की तरफ से पहला ओवर ट्रेंट बोल्ट ने किया, जिसमें सिर्फ 2 रन गए। यह रन विलियमसन ने जुटाए।
SRH vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद 2/0 (1 ओवर)
राजस्थान ने दिया 211 रन का लक्ष्य
राजस्थान ने हैदराबाद के सामने 211 रन का लक्ष्य रखा है। नटराजन ने 20वें ओवर में किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने 7 रन देकर दो विकेट चटकाए। नटराजन ने दूसरी गेंद पर हेटमायर को बोल्ड किया और आखिरी गेंद पर पराग को विकेट के पीछे लपकवाया। हेटमायर ने 13 गेंदों में 32 और पराग ने 9 गेंदों में 12 रन जुटाए। वहीं, नाथन कूल्टर-नाइल एक रन बनाकर नाबाद रहे।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 210/6 (20 ओवर)
भुवनेश्वर पर पड़े लगातार दो सिक्स
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 19वें ओवर में 15 रन दिए। हेटमायर ने तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार दो सिक्स जड़े। वहीं, हेटमायर और पराग ने एक-एक रन बनाया जबकि रन लेग बाई का गाया।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 203/4 (19 ओवर)
टी नटराजन ने लुटाए 18 रन
टी नटराजन 18वें ओवर में काफी महंगे रहे, जिसमें उन्होंने 18 रन खर्च कर दिए। पराग ने दूसरी गेंद पर चौका और हेटमायर ने तीसरे गेंद पर छक्का जड़ा। इसके बाद नटराजन ने वाइड फेंकी और पांचवीं गेंद पर हेटमायर ने चौका जमा दिया।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 188/4 (18 ओवर)
संजू सैमसन को भुवी ने किया आउट
राजस्थान का चौथा विकेट संजू के रूप में गिरा है। सैमसन अर्धशतक जड़ने के बाद टिक नहीं पाए और 17वें ओवर की पहली गेंद पर भुवी का शिकार बन गए। उन्होंने लॉन्ग ऑन की दिशा में अब्दुल समद को कैच थमाया। सैमसन ने 27 गेंदों में 4 चौकों और 5 छककों के दम पर 55 रन की पारी खेली। शिमरोन हेटमायर 3 और रियान पराग 5 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 170/4 (17 ओवर)
संजू सैमसन ने जड़ा 16वां अर्धशतक
कप्तान संजू सैमसन (55*) ने अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 16वें ओवर में सुंदर पर लगातार दो छक्के लगाकर 50 रन पूरे किए। उन्होंने 25 गेंदों में इस आंकड़े को छुआ। यह उनके आईपीएल करियर की 16वीं फिफ्टी है।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 163/3 (16 ओवर)
उमरान ने किया पडिक्कल का शिकार
राजस्थान को तीसरा झटका देवदत्त पडिक्कल के तौर पर लगा है। टिककर बल्लेबाजी कर रहे पडिक्कल को उमरान मलिक ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। वह अंदर की ओर आई गेंद पर रफ्तार से गच्चा खा गए। उन्होंने 29 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 41 रन की पारी खेली। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए सैमसन (42*) के साथ 73 रन की साझेदारी की।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 148/3 (15 ओवर)
पडिक्कल ने शेफर्ड के खिलाफ 17 रन बटोरे
पडिक्कल ने 14वां ओवर करने आए शेफर्ड के खिलाफ 17 रन बटोरे। उन्होंने पहली गेंद पर चौका और दूसरी पर सिक्स जड़ा। इसके बाद उन्होंने तीसरी गेंद पर दौड़कर दो रन बनाए, फिर चौथी और अंतिम बॉल चौका ठोक दिया।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 138/2 (14 ओवर)
उमरान मलिक ने अच्छा ओवर निकाला
उमरान मलिक ने 13वां ओवर अच्छा निकाला, जिसमें सिर्फ 7 रन गए। इस दौरान उन्होंने दो वाइड फेंकीं और दो रन लेग बाई के दिए। वहीं, पडिक्कल ने 3 रन जुटाए।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 121/2 (13 ओवर)
पडिक्कल ने लगाया छक्का और चौका
12वां ओवर करने आए टी नटराजन ने 13 रन खर्च कर दिए। पडिक्कल ने पहली गेंद पर छक्का और पांचवीं गेंद पर शानदार चौका लगायाय। इसके अलावा पडिक्कल ने 2 और सैमसन ने 1 रन बनाया। पडिक्कल 16 और सैमसन 37 के निजी स्कोर पर हैं।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 114/2 (12 ओवर)
सुंदर के ओवर में एक छक्का और एक चौका
सैमसन ने लगातार आक्रामक रुख अपना रखा है। उन्होंने 11वें ओवर में एक चौका और एक छक्का समेत 13 रन जुटाए। वहीं, एक रन पडिक्कल ने लिया। यह ओवर सुंदर ने किया।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 101/2 (11 ओवर)
सैकड़े के करीब राजस्थान की टीम
10 ओवर का खेल समाप्त हो गया है, जिसके बाद राजस्थान की टीम सैकड़े के करीब पहुंच गई है। 10वें ओवर में आरआर को 9 रन मिले, जिसमें सैमसन ने एक छक्का ठोका। सैमसन 23 और देवदत्त पडिक्कल 3 रन बनाकर टिके हैं।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 87/2 (10 ओवर)
बटलर को उमरान ने भेजा पवेलियन
राजस्थान का दूसरा विकेट जोस बटलर के रूप में गिरा है। उन्होंने 28 गेंदों में 35 रन बनाए। बटलर ने इस दौरान 3 चौके और 3 छक्के मारे। उन्हें उमरान मलिक ने नौवें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन भेजा। बटलर ने सीधे बल्ले से खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद बैट का किनारा लेकर विकेटकीपर पूरन के हाथों में चली गई। उमरान ने अपील की पर अंपायर ने इनकार किया। इसके बाद कप्तान विलियमसन ने रिव्यू लिया, जिसके बाद बटलर कौ लौटना पड़ा।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 78/2 (9 ओवर)
अभिषेक शर्मा ने खर्च किए 15 रन
संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा द्वारा डाले गए आठवें ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने एक चौका और एक छक्का जड़ने समेत कुल 14 रन बटोरे। इसके अलावा एक रन बटलर ने बनाया।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 75/1 (8 ओवर)
यशस्वी जायसवाल बने शेफर्ड का शिकार
राजस्थान को पहला झटका यशस्वी जायसवाल के तौर पर लगा है। सलामी बल्लेबाज यशस्वी ने 16 गेंदों में 20 रन जुटाकर विकेट गंवाया। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 1 छक्का जमाया। उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने सातवें ओवर की पहली गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह पुल करना चाहते थे लेकिन स्क्वायर लेग दिशा में एडेन मार्करम के हाथों लपके गए।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 60/1 (7 ओवर)
पावर प्ले हुआ समाप्त
पावर प्ले समाप्त हो चुका है। शुरुआती 6 ओवर में राजस्थान का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। बटलर 33 और यशस्वी 20 रन के निजी स्कोर पर हैं।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 58/0 (6 ओवर)
50 रन के पार पहुंची राजस्थान
राजस्थान की टीम 50 रन के पार पहुंच गई है। बटलर और यशस्वी ने वॉशिंगटन सुंदर द्वारा फेंके गए पांचवें ओवर में 18 रन बटोरे। यशस्वी ने दूसरी और बटलर ने चौथी गेंद पर छक्का लगाया।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 52/0 (5 ओवर)
उमरान मलिक ने लुटाए 21 रन
कप्तान विलियमसन ने चौथे ओवर में तेज गेंदबाज उमरान मलिक को गेंद थमाई और वह काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 21 रन लुटा डाले। बटलर ने दो चौके और दो छक्के जड़े। बटलर 25 और यशस्वी 6 रन बनाकर खेल रहे हैं।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 34/0 (4 ओवर)
यशस्वी ने भुवनेश्वर पर जमाई बाउंड्री
भुवनेश्वर ने तीसरे ओवर में 7 रन खर्च किए। उन्होंने पहले के बाद इस ओवर में भी नो बॉल फेंकी, जिसपर यशस्वी ने चौका जमाया। भुवी ने यॉर्कर डालने की कोशिश की थी पर गेंद लो फुल टॉस रही और बाउंड्री पड़ गई।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 13/0 (3 ओवर)
बटलर ने शेफर्ड पर लगाया चौका
बटलर ने दूसरा ओवर डालने आए रोमारियो शेफर्ड पर शानदार चौका लगया। उन्होंने कलाइयों का इस्तेमाल करते हुए पांचवीं गेंद को मिडविकेट की दिशा में बाउंड्री के पार भेजा।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 7/0 (2 ओवर)
पारी का आगाज करने आए बटलर-यशस्वी
राजस्थान की ओर से पारी का आगाज करने के लिए जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल उतरे हैं। वहीं, हैदराबाद की गेंदबाजी आक्रमण की बागडोर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने संभाली। बटलर और यशस्वी के बल्ले से कोई रन नहीं निकला, लेकिन भुवी ने एक नो बॉल डाली। उन्होंने चौथी गेंद पर बटलर को स्लिप में अब्दुल समद के हाथों लपकवाया पर नो बॉल के चलते जीवनदान मिल गया।
SRH vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स 1/0 (1 ओवर)
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन
केन विलियमसन (कप्तान), अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), एडेन मार्करम, अब्दुल समद, वॉशिंगटन सुंदर, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन और उमरान मलिक।
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन
संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, नाथन कूल्टर-नाइल, युजवेंद्र चहल, ट्रेंट बोल्ट और प्रसिद्ध कृष्णा।
टॉस गंवाने के बाद क्या बोले सैमसन?
टॉस गंवाने के बाद राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने कहा कि फ्रेंचाइजी के लिए यह एक खास दिन है, क्योंकि सात खिलाड़ी डेब्यू कर रहे हैं। हम यहां काफी मैच खेले हैं और जानते हैं कि क्या होने वाला है। विकेट पर बहुत घास दिख रही है, लेकिन मुझे यकीन है कि बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलेगी।
हैदराबाद ने टॉस जीतकर चुनी बॉलिंग
हैदराबाद ने टॉस जीतकर राजस्थान को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया है। हैदराबाद के कप्तान विलियमसन ने कहा कि मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा विकेट रहेगा। घास छोटी है और संभावित ओस फैक्टर भी है। ऐसे में हम इसका उपयोग करने की कोशिश करेंगे।
युजवेंद्र चहल 250 विकेट के नजदीक
लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को टी20 क्रिकेट में 250 विकेट कंप्लीट करने के लिए तीन विकेट चाहिए।
अश्विन को इसलिए चाहिए पांच विकेट
दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन टूर्नामेंट में 150 विकेटों का आंकड़ा छूने के करीब हैं। उन्हें केवल 5 शिकार और करने की जरूरत है।
जानिए، मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल
हैदराबाद और राजस्थान मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल जानने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
दो हजारी बनने वाले हैं जोस बटलर
इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जोस बटलर आईपीएल में दो हजारी बनने वाले हैं। उन्हें टूर्नामेंट में 2000 रन पूरे करने के लिए 32 रन चाहिए।
चौकों के सैकड़े के नजदीक पाडिक्कल
देवदत्त पाडिक्कल आईपीएल में 100 चौकों का कीर्तिमान हासिल करने के करीब हैं। उन्हें महज पांच चौकों की दरकार है।
छक्कों का पचासा कंप्लीट करने वाले हैं त्रिपाठी
राहुल त्रिपाठी आईपीएल में छक्कों का पचासा कंप्लीट करने वाले हैं। उन्हें इस आंकड़े को छूने के लिए दो सिक्स की जरूरत है।
तेज गेंदबाज टी नटराजन वापसी को तैयार
हैदराबाद के तेज गेंदबाज टी नटराजन आईपीएल में वापसी के लिए तैयार हैं। वह चोट के कारण 14वें सीजन में हिस्सा नहीं ले पाए थे। हालांकि, नटराजन अब पूरी तर फिट हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद का स्क्वाड
केन विलियमसन (कप्तान), अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्कराम, निकोलस पूरण, अब्दुल समद, प्रियम गर्ग, विष्णु विनोद, ग्लेन फिलिप्स, आर समर्थ, शशांक सिंह, वाशिंगटन सुंदर, रोमारियो शेफर्ड, मार्को जानसेन, जे सुचित, श्रेयस गोपाल, भुवनेश्वर कुमार, सीन एबॉट, कार्तिक त्यागी, सौरभ तिवारी, फजलहक फारूकी, उमरान मलिक, टी नटराजन।
राजस्थान रॉयल्स का स्क्वाड
संजू सैमसन (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, शुभम गरवाल, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, कुलदीप सेन, तेजस बरोका, अनुनय सिंह, केसी करियप्पा, जोस बटलर, रासी वान डेर डूसेन, नाथन कूल्टर नाइल, जिमी नीशाम , डेरिल मिशेल, करुण नायर, ओबेद मैककॉय, नवदीप सैनी, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, शिमरोन हेटमायर, देवदत्त पडिक्कल, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल।

