युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, बने आईपीएल में यह कमाल करने वाले पहले स्पिनर 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 7, 2022, 06:30 PM IST

युजवेंद्र चहल ने शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके अपना नाम आईपीएल की रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा लिया। उन्होंने वो कारनामा कर दिखाया जो अबतक और कोई स्पिनर नहीं कर सका।

युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, बने आईपीएल में यह कमाल करने वाले पहले स्पिनर 

मुंबई: स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल की फिरकी का जादू जमकर चल रहा है। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वो लगातार अपनी फिरकी से विरोधी बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं और लगातार विकेट चटका रहे हैं। शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने एक बार फिर धमाल मचाया और 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके। 

सबसे ज्यादा बार सीजन में 20 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर 
इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही युजवेंद्र चहल आईपीएल में एक विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले पहले स्पिनर बन गए हैं। उन्होंने अबतक आईपीएल 2022 में खेले 11 मैच में 14.50 के औसत और 7.25 की इकोनॉमी के साथ कुल 22 विकेट अपने नाम किए हैं। इसक साथ ही चहल के नाम आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार एक सीजन में 20 या उससे विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। इस मामले में उन्होंने मुंबई इंडियन्स के लिए खेलने वाले पूर्व दिग्गज लसिथ मलिंगा की बराबरी की है।

लसिथ मलिंगा की बराबरी पर पहुंचे, नरेन को पछाड़ा
चहल ने आईपीएल में चार बार 20 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। उन्होंने अपनी फिरकी के बल पर ये कारनामा साल 2015, 2016, 2020 और 2022 में किया है। मलिंगा ने साल 2011, 2012, 2013, 2015 में आईपीएल सीजन में 20 या उससे अधिक विकेट चटकाए थे। चहल ने साल 2015 में 23, साल 2016 और 2020 में 21-21 और 2022 में 22 विकेट अपने नाम किए। इस सूची में तीसरा नंबर कैरेबियाई स्पिनर सुनील नरेन का है। नरेन ने तीन बार(2012, 2013, 2014) ये कारनामा किया। 

शानदार है आईपीएल में चहल का रिकॉर्ड
आईपीएल में युजवेंद्र चहल का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। अबतक खेले 125 मैचों में वो 21.22 के औसत और 7.56 की इकोनॉमी के साथ कुल 161 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 3 बार पारी में 4 विकेट और एक बार पांच विकेट लिए हैं। 40 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है जो उन्होंने मौजूदा सीजन में किया है। चहल का सर्वश्रेष्ठ सीजन साल 2015 का रहा है तब उन्होंने आरसीबी के लिए खेलते हुए 23 विकेट लिए थे। वो आईपीएल में सबसे सफल भारतीय गेंदबाज बनने से केवल 5 विकेट दूर हैं। अमित मिश्रा के नाम ये रिकॉर्ड है उन्होंने आईपीएल में 166 विकेट अपने नाम किए। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!