IPL 2022: लीग दौर में उमरान मलिक ने किया अनोखा कारनामा, इस मामले में भी रहे अव्वल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 23, 2022, 07:30 AM IST

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले जम्म-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने अपनी तेज रफ्तार गेंदों के बल पर आईपीएल 2022 में एक अनोखा कारनामा कर दिखाया।

IPL 2022: लीग दौर में उमरान मलिक ने किया अनोखा कारनामा, इस मामले में भी रहे अव्वल

मुंबई: आईपीएल 2022 में उमरान मलिक ने अपनी तेज रफ्तार गेंदों से जमकर धमाल मचाया और लीग के खत्म होने से ठीक पहले टीम इंडिया में भी एंट्री कर ली। उन्हें आईपीएल 2022 में शानदार प्रदर्शन की वजह से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। 

उमरान मलिक ने रविवार को टीम इंडिया में शामिल होने के जश्न धमाकेदार गेंदबाजी करके मनाया। मलिक ने 2.1 ओवर में 24 रन देकर एक विकेट हासिल किया। अपने स्पेल के पहले ही ओवर में उन्होंने शाहरुख खान को वॉशिंगटन सुंदर के हाथों लपकवाया। इसके दो गेंद बाद एक तेज रफ्तार गेंद से पंजाब के कप्तान मयंक अग्रवाल को चोटिल कर दिया। गेंद मयंक की पसलियों पर जा लगी और इसके बाद वो पिच पर देर तक दर्द के मारे कराहते रहे। 

लगातार 14 मैच में फेंकी सबसे तेज गेंद
इसी दौरान उमरान ने 153.5 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से एक गेंद फेंकी जिसके लिए उन्हें फास्टेस्ट डिलिवरी अवार्ड से नवाजा गया। उमरान ने हैदराबाद के लिए लीग के सभी 14 मैच खेले और उन्हें लगातार चौदहवीं बार इस अवार्ड से नवाजा गया। जिस मैच में वो खेले रफ्तार के मामले में और कोई गेंदबाज उन्हें नहीं पछाड़ सका। 157 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से उन्होंने लीग की सबसे तेज गेंद फेंकी। जिसके करीब गुजरात टाइटन्स की ओर से खेल रहे लॉकी फर्ग्यूसन पहुंच सके। 

मिडिल ओवर्स में सीजन में सबसे ज्यादा विकेट 
इसके अलावा उमरान आईपीएल इतिहास में एक सीजन में मिडिल ओवरों में सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 में खेले 14 मैच में बीच के ओवरों में कुल 18 विकेट अपने नाम किए। इससे पहले एक सीजन में बीच के ओवरों में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियन्स के लिए खेलने वाले जसप्रीत बुमराह के नाम दर्ज था। बुमराह ने साल 2020 में बीच के ओवरों में 13 विकेट झटके थे। वहीं साल 2013 में सिद्धार्थ त्रिवेदी ने 13, साल 2021 में हर्षल पटेल और 2010 में किरोन पोलार्ड ने 12-12 विकेट अपने नाम किए थे।

लीग दौर के बाद विकेटों की दौड़ में रहे चौथे पायदान पर 
उमरान ने आईपीएल 2022 में खेले 14 मैच की 14 पारियों में 20.18 के औसत और 9.03 की इकोनॉमी के साथ कुल 22 विकेट अपने नाम किए। लीग दौर के खत्म होने के बाद वो सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में युजवेंद्र चहल(26), वनिंदु हसरंगा(24) और कगिसो रबाडा(23) के बाद चौथे पायदान पर रहे। उनका सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/25 रहा।  
  




End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!